पंजाब : मोहाली में पांच एकड़ जमीन पर बनेगा वायरोलॉजी इंस्टीट्यूट, कैबिनेट ने नियम में किया बदलाव

सार

यह इंस्टीट्यूट केंद्र सरकार द्वारा पंजाब सरकार के प्रस्ताव पर मंजूर किया गया है। कैबिनेट ने एसएएस नगर (मोहाली) जिले के ब्लॉक खरड़ के गांव मुल्लांपुर गरीबदास में जमीन के हस्तांतरण के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए मोहाली के डिप्टी कमिश्नर को अधिकृत कर दिया है।

विस्तार

पंजाब मंत्रिमंडल ने उत्तरी जोन का नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी स्थापित करने के लिए मोहाली में पांच एकड़ पंचायती जमीन इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) को हस्तांतरित करने के उद्देश्य से पंजाब विलेज कॉमन लैंडज (रेगुलेशन) रूल्ज 1964 में एक बार की ढील देने को मंजूरी दे दी है।
यह इंस्टीट्यूट केंद्र सरकार द्वारा पंजाब सरकार के प्रस्ताव पर मंजूर किया गया है। कैबिनेट ने एसएएस नगर (मोहाली) जिले के ब्लॉक खरड़ के गांव मुल्लांपुर गरीबदास में जमीन के हस्तांतरण के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए मोहाली के डिप्टी कमिश्नर को अधिकृत कर दिया है।
मुख्य सचिव विनी महाजन ने कहा कि इंस्टीट्यूट का निर्माण इस वर्ष के अंत तक शुरू हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि पंचायती जमीन केंद्र सरकार को उपहार में देने के लिए पंजाब विलेज कॉमन लैंडज (रेगुलेशन) रूल्ज, 1964 में कोई प्रावधान नहीं है लेकिन जनरल क्लॉज एक्ट, 1897 की धारा 21 नियम शामिल करने की शक्ति और नियमों में ढील या संशोधन करने की शक्ति देती है। कैबिनेट में यह भी बात कही गई कि यह इंस्टीट्यूट पंजाब के लोगों की भलाई के लिए होगा। यह इंस्टीट्यूट महामारी को देखते हुए बहुत महत्त्व रखेगा।
59 Views