महिला ने स्कूल मालिक पर लगाया पति को आत्महत्या के लिये उकसाने का आरोप

महिला ने स्कूल मालिक पर लगाया पति को आत्महत्या के लिये उकसाने का आरोप

सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपी पति की आडियो रिकार्डिंग

फगवाड़ा ( डॉ रमन / हरदयाल सिंह संधू ) करीब सप्ताह भर पहले चाचोकी फाटक के नजदीक रेलगाड़ी के आगे कूद कर आत्महत्या करने वाले स्थानीय ओंकार नगर निवासी रणजीत कुमार झल्ली नामक व्यक्ति की पत्नी ने फगवाड़ा के एक स्कूल मालिक पर पति को आत्महत्या के लिये उकसाने का संगीन आरोप लगाया है। रेलवे पुलिस जालंधर को दी लिखित शिकायत में मृतक की पत्नी नीलम रानी वासी ओंकार नगर ने बताया कि उसके पति ने अमन पब्लिक स्कूल ओंकार नगर के मालिक प्रेम चंद प्रसाद की फाईनांस कंपनी से दो लाख रुपए का ऋण लिया था। जिसकी मासिक किश्त 20500 रुपए थी। उसके पति ने आठ किश्तों का भुगतान भी समय पर कर दिया था लेकिन प्रेम चंद प्रसाद शेष रकम एक मुश्त देने की मांग कर रहा था। जिस पर उसके पति ने अपने करीबियों से 80 हजार रुपए उधार लेकर प्रेम चंद प्रसाद को दे दिये। लेकिन प्रेम चंद प्रसाद 40 हजार रुपए और मांग रहा था। साथ ही घर में आकर बच्चों के सामने प्रताडि़त करते हुए धमकी भी दे रहा था कि यदि 40 हजार रुपए न दिये तो गारंटी के तौर पर रखे दस्तावेजों के आधार पर उनका मकान अपने नाम पर करवा लेगा और पति को झूठे केस में फसा देगा। इस वजह से उसका पति मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा। महिला के अनुसार गत 22 मार्च की शाम को उसके पति ने चाचोकी फाटक पर गाड़ी के सामने आकर आत्महत्या करने से पूर्व अपनी बूआ के लडक़े को फोन पर बताया था कि प्रेम चंद प्रसाद उसे मानसिक रूप से बहुत प्रताडि़त कर रहा है। जिससे परेशान होकर वह आत्म हत्या करने को विवश है। इस बातचीत की आडियो रिकार्डिंग भी पीडि़त महिला ने पुलिस को सौंप दी है। इस मामले में संबंधित रेलवे पुलिस अधिकारी अशोक कुमार से बात करने पर उन्होंने बताया कि जो लिखित शिकायत और आडियो रिकार्डिंग उन्हें मिली है, उसके आधार पर पुलिस मामले की गहनता से छान-बीन कर रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जायेगी

51 Views