मोगा की रैली में तैयार होगी आढ़तियों के अस्तित्व के संघर्ष की रूप रेखा : नरेश भारद्वाज

मोगा की रैली में तैयार होगी आढ़तियों के अस्तित्व के संघर्ष की रूप रेखा : नरेश भारद्वाज

जिला कपूरथला के आढ़तियों से किया रैली में शामिल होने का आह्वान

फगवाड़ा (डॉ रमन / कस्तूरी लाल ) फैडरेशन आफ आढ़ती एसोसिएशन पंजाब के आह्वान पर केन्द्रीय खरीद एजेंसी एफ.सी.आई. के खिलाफ सोमवार 25 सितंबर को मोगा मंडी में की जा रही विशाल रोष रैली में शामिल होने के लिये जिला कपूरथला के आढ़तियों का एक बड़ा जत्था सोमवार को प्रात: 9 बजे फगवाड़ा की होशियारपुर रोड स्थित नई दाना मंडी से रवाना होगा। विस्तृत जानकारी देते हुए जिला कपूरथला आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान नरेश भारद्वाज ने बताया कि भारत सरकार की खरीद एजेंसी भारतीय खाद्य निगम (एफ.सी.आई.) की तरफ से आढ़तीयों के साथ बहुत ज्यादती की जा रही है। सरकारी खरीद एजेंसियों का इरादा बड़े कार्पोरेट घरानों द्वारा खोले सैलो के जरिये किसानों से सीधे फसल की खरीद करना है। जिससे भविष्य में मंडियों का अस्तित्व खत्म हो जायेगा और करोड़ों आढ़तियों के परिवार बेरोजगारी के चलते भूखे मरने पर विवश होंगे। उन्होंने बताया कि मंडियों में मजदूरों को खरीद एजेंसियों द्वारा बहुत कम रेट दिया जाता है। जिसके चलते आढ़ती को अपने पास से लेबर को मजदूरी देनी पड़ती है जो आढ़तियों पर अतिरिक्त बोझ है। हद तो यह है कि अडानी ग्रुप का मोगा जिला के गांव में बना सैलो जिसका किसानी आंदोलन के समय भारी विरोध भी हुआ था। वहां पिछले सीजन में खरीदी गई गेंहू की फसल की बनती कमिशन आढ़तियों को देने का ऐलान मोगा की मंडी में एफ.सी.आई. के अधिकारियों ने पंजाब सरकार के अधिकारियों की उपस्थिति में किया था। लेकिन अब एफ.सी.आई. ने बनता कमिशन देने से साफ मना कर दिया है। जिसे लेकर मोगा की अनेकों मंडियों के आढ़ती हड़ताल पर हैं मगर उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। क्योंकि सरकार चाहती है कि व्यापारी सडक़ों पर आकर संघर्ष करे। जबकि व्यापारी वर्ग शांति चाहता है किन्तु एफ.सी.आई. ने उन्हें सडक़ों पर संघर्ष के लिये विवश कर दिया है। उन्होंने जिला कपूरथला के समूह आढ़तियों को पार्टीबाजी से ऊपर उठकर अस्तित्व की इस लड़ाई में शामिल होने की पुरजोर अपील की है। नरेश भारद्वाज ने बताया कि 25 सितंबर को जिले की अनाज मंडियों में पूर्ण तालाबंदी रहेगी और मोगा की रैली में पंजाब भर के आढ़तियों से विचार विमर्श करके प्रदेश लीडरशिप के नेतृत्व में आगे के संघर्ष की रूपरेखा तैयार की जायेगी

64 Views