Punjab : प्रियंका ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को मनाया! सिद्धू की ताजपोशी में होंगे शामिल

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच टकराव के बीच बड़ी खबर सामने आई है। सूबे के मुखिया अमरिंदर सिंह शुक्रवार को उस कार्यक्रम में शामिल होंगे जहां नवजोत सिंह सिद्धू औपचारिक रूप से प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के रूप में पदभार संभालेंगे।

खबरों के मुताबिक प्रियंका गांधी ने अमरिंदर सिंह को फोन किया है। प्रभारी हरीश रावत ने पूरे मामले पर कहा कि सब ठीक है, कल आप देखेंगे कि पूरी कांग्रेस आपको कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में एक साथ खड़ी दिखाई देगी और नए अध्यक्ष (नवजोत सिंह सिद्धू) का स्वागत करेगी। सिद्धू ने कैप्टन को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चिट्ठी भी लिखी है। इसमें चाय पार्टी में शामिल होने के लिए कहा गया है। अब राजनीतिक गलियारों में ये चर्चाएं होने लगी हैं कि क्या दिल से यह तल्खी दूर होगी।

 

नवनियुक्त 4 कार्यकारी अध्यक्षों में से एक कुलजीत सिंह नागरा ने इसकी पुष्टि की और कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पदभार संभालने के कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया है। पिछले कुछ समय से सिद्धू और अमरिंदर का टकराव चल रहा है

अमृतसर (पूर्व) के विधायक सिद्धू ने पवित्र ग्रंथ की बेअदबी के मामले के लिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री ने सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का भी विरोध किया था और कहा था कि जब तक सिद्धू उनके खिलाफ अपमानजनक ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगेंगे वे उनसे नहीं मिलेंगे।।
सिद्धू शुक्रवार को यहां पंजाब कांग्रेस भवन में औपचारिक रूप से चार कार्यकारी अध्यक्षों के साथ पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यभार संभालेंगे। अमरिंदर सिंह और पार्टी के अन्य विधायक पहले पंजाब भवन में इकट्ठा होंगे। इसके बाद वे पदभार ग्रहण करने के कार्यक्रम स्थल पंजाब कांग्रेस भवन जाएंगे।
106 Views