धर्मशाला में बारिश का कहर : बाढ़ में फंसे 7 लोगों को एनडीआरएफ ने बचाया, 9 अब भी लापता; हिमाचल में 184 सड़कें बंद

धर्मशाला में सोमवार को भारी से अचानक आई बाढ़ में फंसे 7 लोगों को बचावकर्मियों ने मंगलवार को बचा लिया है। दूरदराज के एक गांव में बाढ़ के कारण हुए भूस्खलन से कई घर और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं और एक की मौत हो गई। नौ लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर शाम शुरू हुए 8 घंटे के अभियान के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने 7 लोगों को बचाया है। उन्हें आशंका है कि शाहपुर अनुमंडल के बोह पंचायत के रूलहर गांव के बड़े इलाके में फैले मिट्टी के ढेर में 9 लोग और फंसे हो सकते हैं या फिर बाढ़ के पानी में फंसे हो सकते हैं। एनडीआरएफ ने स्थानीय प्रशासन द्वारा गांव के लिए सड़क बहाल कारने के बाद सोमवार रात करीब 10 बजे अपना अभियान शुरू किया था। बाढ़ में 11 घर या तो बह गए या क्षतिग्रस्त हो गए। रूलहर गांव के 9 लापता लोगों में 4 महिलाएं शामिल हैं। उधर, भारी बारिश के कारण पूरे हिमाचल में करीब 184 सड़कें बंद हैं।

117 Views