ट्रम्प आज करेंगे शक्ति प्रदर्शन:सेव अमेरिका रैली के बहाने अगले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अभी से दावेदारी, ऐसा पहले किसी अमेरिकी नेता ने नहीं किया

अमेरिका में एक लोकप्रिय कहावत है, ‘जो राष्ट्रपति हार जाते हैं, आमतौर पर वे चले जाते हैं, सत्ता की ओर मुड़कर नहीं देखते।’ पर डोनाल्ड ट्रम्प अपवाद हैं। वे बार-बार संकेत दे रहे हैं कि 2024 के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी बनना चाहते हैं। फ्लोरिडा के सरसोटा में शनिवार को ‘सेव अमेरिका’ रैली के जरिए वे अगले चुनाव के लिए ताल ठोकने जा रहे हैं। यह रैली इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अगले दिन (4 जुलाई) को अमेरिका का स्वतंत्रता दिवस है।

राजनीतिक विश्लेषकों और रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं के मुताबिक, इस साल 6 जनवरी के बाद ट्रम्प का यह पहला बड़ा संबोधन होगा, जब उन्होंने व्हाइट हाउस के बाहर अपने समर्थकों को अमेरिकी संसद तक मार्च के लिए कहा था, इसके बाद संसद पर हमला हुआ था। फ्लोरिडा में रिपब्लिकन पार्टी के प्रमुख जो ग्रुटर्स कहते हैं कि फ्लोरिडा ट्रम्प के लिए मजबूत राजनीतिक समर्थन व राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए लॉन्च पैड रहा है।

यह 2024 में दावेदारी की पहली रैली के लिए भी महत्वपूर्ण हो सकता है। ग्रुटर्स ने 2012 में ट्रम्प को संबोधन के लिए टैम्पा शहर में आमंत्रित किया था। इसी के बाद ट्रम्प को राष्ट्रीय मीडिया में जगह मिली और वे सत्ता के राष्ट्रीय मंच पर पहुंच गए। ग्रुटर्स कहते हैं कि यह तो शुरुआत है, ट्रम्प के बाकी गढ़ों में भी ऐसे ही बड़े इवेंट होंगे। इसके बाद वे अपने चिर-परिचित अंदाज में दिखेंगे। उनका पहला लक्ष्य 2022 के मध्यावधि चुनाव में जीतना है।

 

106 Views