Coronavirus: भारत में जल्द मिलेगी एक और वैक्सीन, DCGI ने सिप्ला को दी मॉडर्ना के इंपोर्ट की मंजूरी
नई दिल्ली: भारत में जल्द ही एक और कोरोना की वैक्सीन मिलने वाली है. ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने मॉडर्ना की कोविड-19 वैक्सीन के भारत में इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है. नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉक्टर वी. के. पॉल ने इस बात की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि मॉडर्ना की वैक्सीन को आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी दी गई है. सिप्ला कंपनी अब इस वैक्सीन का भारत में आयात कर सकेगी.
भारत में कोरोना की चौथी वैक्सीन
कोवैक्सीन, कोविशील्ड और स्पुतनिक V के बाद मॉडर्ना कोरोना की चौथी वैक्सीन है जिसे भारत में मंजूरी मिली है. अमेरिकी फार्मा कंपनी मॉर्डना ने कोविड-19 के खिलाफ यह वैक्सीन तैयार की है. कोरोना वायरस के खिलाफ इसकी प्रभावी क्षमता 94 फीसदी तक है.
सिप्ला ने सोमवार को मांगी थी मंजूरी
बता दें कि DCGI ने 1 जून को विदेशी वैक्सीन के लिए नियमों में ढील दी थी. जिसके मुताबिक अगर किसी विदेशी वैक्सीन को अमेरिका, यूरोप, जापान या WHO से मंजूरी मिल चुकी है तो उसे भारत में ब्रिजिंग ट्रायल की जरूरत नहीं है. इसी का हवाला देते हुए भारतीय फार्मा कंपनी सिप्ला ने सोमवार को एक आवेदन देकर वैक्सीन के आयात की अनुमति मांगी थी.
मॉडर्ना ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी सरकार ने भारत सरकार को ‘कोवैक्स’ के माध्यम से ‘मॉडर्ना’ की कोविड वैक्सीन की डोज दान करने के लिए सहमति दी है, जो निश्चित संख्या में होगी. इन टीकों के लिए केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (Central Drugs Standard Control Organisation) से मंजूरी मांगी है.

