पंजाब में कोरोना : अमृतसर सरकारी मेडिकल कॉलेज के 20 विद्यार्थी संक्रमित, पिकनिक मनाने गए थे जयपुर

सार
•अमृतसर सरकारी मेडिकल कॉलेज के 20 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित
•मार्च के पहले हफ्ते में जयपुर गए थे पिकनिक मनाने
•सोमवार को लौटे थे, मंगलवार को टेस्ट करवाया, बुधवार को सभी की रिपोर्ट आई पॉजिटिव

 

विस्तार

पंजाब में कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है। अमृतसर में बुधवार को सरकारी मेडिकल कॉलेज के 20 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित पाए गए। ये सभी विद्यार्थी मार्च के पहले हफ्ते में जयपुर में पिकनिक मनाने गए थे। सोमवार को ही ये सभी बच्चे अमृतसर लौटे थे। सभी विद्यार्थी सरकारी मेडिकल कॉलेज के अलग अलग ब्वायज हॉस्टल में रहते हैं।

मंगलवार को सभी ने कोरोना टेस्ट करवाया। बुधवार को सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रिपोर्ट आते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इन छात्रों को घर भेज दिया है। साथ ही नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि वे जयपुर में कहां-कहां ठहरे और उनके संपर्क में कौन-कौन आया।

जानकारी के अनुसार, सरकारी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाले 54 विद्यार्थियों ने जयपुर जाने के लिए प्रिंसिपल कार्यालय से अनुमति मांगी थी। प्रिंसिपल डॉ. राजीव देवगण ने कोरोना के बढ़ रहे केस का हवाला देते हुए 54 स्टूडेंट्स को छुट्टी देने से इंकार कर दिया था। उनका कहना था कि कोरोना काल में किसी को दूसरे राज्य में जाने की अनुमति नहीं दे सकते, लेकिन विद्यार्थी जिद पर अड़ गए। कुछ विद्यार्थियों के अभिभावकों ने प्रिंसिपल पर दबाव बनाया कि वह अपने जोखिम पर इन विद्यार्थियों को भेजना चाहते हैं, इसलिए इन्हें जाने दें।

 

49 Views