ट्विटर..टूलकिट..टेलीग्राम..खालिस्तान और अब पाकिस्तान..आसान भाषा में समझें 26 जनवरी की हिंसा का पूरा कनेक्शन
26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा के तार ट्विटर, टूलकिट से होते हुए टेलीग्राम के रास्ते खालिस्तान तक पहुंचे और अब पाकिस्तान यानी आईएसआई से ताल्लुक जोड़ते नजर आ रहे हैं। दरअसल, यह पूरा खुलासा दिल्ली पुलिस ने किया है। इस मामले में ग्रेटा थनबर्ग के बाद एमओ धालीवाल, दिशा रवि, निकिता जैकब और शांतनु के नाम सामने आए। वहीं, दिल्ली पुलिस इस पूरे मामले में भजन सिंह और पीटर फ्रेडरिक के शामिल होने के बात कह रही है। आखिर टूलकिट है क्या? ये सब लोग कौन हैं और 26 जनवरी की हिंसा से उनका कनेक्शन क्यों जुड़ रहा है? कैसे किसान आंदोलन के उग्र होने के तार ट्विटर, टूलकिट और टेलीग्राम से होते हुए खालिस्तान और अब पाकिस्तान तक पहुंच गए। इस पूरे मामले को आसान भाषा में समझना चाहते हैं तो यह रिपोर्ट खास आपके लिए तैयार की गई है।

