बर्फबारी से कश्मीर में तबाही, दो की मौत, दर्जनों घर क्षतिग्रस्त
जम्मू। तीन दिनों से हो रही भीषण बर्फबारी ने कश्मीर में भयानक तबाही मचाई है। आरंभिक रिपोर्टों के अनुसार, दो लोगों की मौत मकान गिरने से हो चुकी है जबकि दो दर्जन से अधिक घर भी गर्फ से ढह गए। चौथे दिन भी नेशनल हाईवे समेत सभी अन्य सड़क मार्ग बंद हैं। पिछले तीन दिनों से कोई विमान उड़ान भी नहीं भर पाया है।
अभी तक बर्फबारी के कारण वृद्ध महिला समेत दो लोगों की जान जा चुकी है। मरने वाला दूसरा व्यक्ति सीआरपीएफ जवान है। वह पूर्व विधायक सईद मोहम्मद आखून की सुरक्षा में तैनात था।
जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक सईद मोहम्मद आखून की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ की 115 बटालियन के जवान पर बर्फ से लदी छत गिर गई। बर्फ में दबने से उसकी मौत हो गई। जवान की पहचान एससी मुर्मू निवासी बुकारू पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। यह हादसा श्रीनगर के हजरतबल इलाके में पेश आया। इसके अलावा दूसरा हादसा जिला कुपवाड़ा के त्रेगाम इलाके में पेश आया, जब बर्फ से लदी छत कमरे में मौजूद एक बुजुर्ग महिला पर गिर गई।
47 Views

