जानलेवा हादसे को निमंत्रण दे रहे बंगा रोड के गहरे गड्ढे : अनुराग मनखंड
जानलेवा हादसे को निमंत्रण दे रहे बंगा रोड के गहरे गड्ढे : अनुराग मनखंड
कहा: पोस्टर प्रचार तक सीमित हैं विकास के सरकारी दावे
फगवाड़ा (डॉ रमन / हरदयाल सिंह संधू ) लंबे समय से बेहद खस्ता हाल बनी हुई स्थानीय बंगा रोड की हालत को लेकर टिप्पणी करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नगर पार्षद अनुराग मनखंड ने आज यहां वार्तालाप में कहा कि बंगा रोड की हालत काफी लंबे समय से दयनीय बनी हुई है। खास तौर से बसरा पैलेस चौक के आगे महाराजा पैलेस और उससे आगे मेहली बाईपास तक सडक़ के बीचो-बीच बड़े गहरे गड्ढे बने हुए हैं। जो इस व्यस्त सडक़ पर जानलेवा हादसों को निमंत्रण देते प्रतीत होते हैं। रात के समय और बरसात के बाद गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना की प्रबल संभावना है लेकिन पंजाब सरकार का लोक निर्माण विभाग आंखे मूंदे बैठा है। उन्होंने बताया कि इस सडक़ के निर्माण को लेकर कई बार धरने भी लगाये गये और वे खुद भी अक्सर इस सडक़ के पुनर्निर्माण की मांग स्थानीय प्रशासन, संबंधित विभाग और पंजाब सरकार से करते रहे हैं लेकिन लगता है कि कार्पोरेशन, पी.डब्ल्यू.डी. विभाग और प्रदेश सरकार को किसी बड़े हादसे का इंतजार है। उन्होंने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के फगवाड़ा में सक्रिय बड़े नेताओं से मांग कर कहा कि वे भगवंत मान सरकार के विकास संबंधी झूठे दावों का ढिंढोरा पीटने की बजाय बंगा रोड के पुनर्निर्माण का काम करवायें क्योंकि जनता बहुत समझदार है। लोग झूठे दावों पर बिल्कुल भी यकीन नहीं करते। उन्होंने भगवंत मान सरकार के दावों को पोस्टर प्रचार तक सीमित बताते हुए चेतावनी दी कि यदि इस खस्ताहाल सडक़ की वजह से कोई जानी नुक्सान हुआ तो उसकी जिम्मेवारी पी.डब्ल्यू.डी. विभाग और पंजाब सरकार की होगी

