UP School Reopening : साढ़े पांच महीने बाद खुले स्कूल, पहले दिन छात्र-छात्राओं में दिखा उत्साह
मुरादाबाद । करीब साढ़े पांच महीने के बाद सोमवार को फिर से विद्यालय खुल गए। सोमवार को बच्चे उत्साह के साथ विद्यालय पहुंचे। हालांकि, पहले दिन उपस्थिति बेहद कम रही। जो भी छात्र स्कूल आए थे, उनके चेहरे पर चमक दिखाई दी। घर में आनलाइन पढ़ाई से बोर हुए छात्रों को विद्यालय में क्लासरूम में पढ़ाई और अपने साथियों से मिलने का अनुभव अलग ही रहा। लंबे समय के बाद साथियों से मिलने का उत्साह दिखाई दिया।
बच्चे एक-दूसरे से स्कूल न खुलने के दौरान की गई गतिविधियों की चर्चा करते दिखाई दिए। आनलाइन क्लास चलने के कारण एक दूसरे से नोट्स भी शेयर किए। केसीएम स्कूल के 12वीं छात्र रोहित कुमार ने बताया कि आनलाइन क्लास तो लगातार चल रही हैं, पर उसमें क्लासरूम वाली बात नहीं होती। लंबे समय के बाद क्लास रूम में पहुंचकर अच्छा लगा। टीचर्स ने भी अपनी तक आनलाइन कराई गई पढ़ाई पर चर्चा की। जहां कहीं परेशानी थी, उसका समाधान किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने 16 अगस्त से विद्यालय खोले का जाने के आदेश दिए हैं। विद्यालय दो पालियों में संचालित होने हैं, हर पाली में पचास-पचास फीसद बच्चे बुलाए जाएंगे। पहला दिन होने के कारण अभी अभिभावक भी दुविधा की स्थिति रहे। किसी ने बच्चों को संक्रमण के डर के चलते तो किसी ने अन्य कारणों से बच्चों को विद्यालय नहीं भेजा। यही कारण की पचास फीसद के बजाय पहले दिन बीस प्रतिशत की ही उपस्थिति रही। हालांकि, आने वाले दिनों में उपस्थिति बढ़ने की उम्मीद है। महानगर के कुछ स्कूलों ने पहले ही दिन टेस्ट कराया। नोसगे सीनियर सेकेंड्री स्कूल के प्रबंधक नीरज गुप्ता ने बताया कि आनलाइन कक्षाएं नियमित चल रहीं हैं और टेस्ट पहले से शेड्यूल में थे। ऐसे में घर टेस्ट कराने के बजाय सीधे स्कूल में ही टेस्ट करा दिया गया।

