जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बादलों का तांडव, 3 घटनाओं में 40 लोग लापता, 7 के शव मिले, फसलें तबाह, मकान ध्वस्त
जम्मू। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रात को बादलों ने जबरदस्त तबाही मचाई है। यह तबाही कितनी थी इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बादल फटने की तीन घटनाओं में 40 के करीब जो लोग लापता हुए थे उनमें से अभी तक सिर्फ 7 के ही शव मिल पाए हैं। कई मकान जमींदोज हो चुके हैं। एक पनबिजली परियोजना को भी क्षति पहुंची है।
किश्तवाड़ जिले में बुधवार तड़के बादल फटने से 40 से अधिक लोग लापता हो गए हैं। इसके बाद बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। अभी तक 7 लोगों के शव मिल चुके हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के किश्तवाड़ जिले के होंजर दचान गांव में बादल फट गया। पुलिस के दावानुसार बचाव दल ने मलवे में दबे 7 शव बरामद किए हैं जबकि 17 घायल लोगों को बचा लिया है। अभी भी गांव के 14 लोग लापता हैं।
केंद्र सरकार भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखे हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को किश्तवाड़ और कारगिल में बादल फटने के बाद उत्पन्न स्थिति की जानकारी अपने ट्विटर हैंडल के जरिए देते हुए कहा कि किश्तवाड़ और कारगिल में बादल फटने के मद्देनजर केंद्र सरकार स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए है। प्रभावित क्षेत्रों में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मैं सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।

