बंगाल में चुनाव आयोग को पहली बार मिली इतनी बड़ी सफलता, करोड़ों की नकदी व कीमती सामान जब्त

कोलकाता : चुनावों में बढ़ते धनबल के प्रभाव को रोकने में चुनाव आयोग को इस बार बड़ी सफलता हाथ लगी है. बंगाल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में आयोग ने 15 अप्रैल तक एक हजार करोड़ से ज्यादा की सामग्री जब्त की है, जिसे मतदाताओं के बीच बांटने के लिए लाया गया था. इनमें लगभग 344 करोड़ की नकदी भी शामिल है.

पश्चिम बंगाल से 310.50 करोड़ रुपये नकद व अन्य कीमती सामान जब्त किये गये हैं. चुनाव के दौरान पकड़ी जाने वाली यह अब तक की सबसे बड़ी राशि है. हालांकि इसके अभी और बढ़ने की संभावना है, क्योंकि अभी भी बंगाल में दो चरणों के चुनाव होने बाकी हैं.

चुनाव आयोग के मुताबिक, यह सफलता विधानसभा चुनाव में धनबल के इस्तेमाल को रोकने के लिए चुनावी खर्च पर नजर रखने के लिए तैनात विशेष पर्यवेक्षकों व सामान्य पर्यवेक्षकों की सख्त निगरानी के चलते मिली है. इस दौरान नकद सहित सबसे ज्यादा कीमत सामानों की जब्ती तमिलनाडु से हुई है, जो करीब 446 करोड़ की है. इनमें करीब 236 करोड़ की नकदी और 176 करोड़ के आभूषण भी शामिल हैं.

दूसरे स्थान पर बंगाल

इस कड़ी में दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल है. राज्य में 17 अप्रैल तक 310.50 करोड़ के कीमती सामान और नकदी जब्त की गयी. 17 अप्रैल को एक साथ 1.08 करोड़ नकद जब्त हुआ था. चुनाव की घोषणा के बाद 17 अप्रैल तक 51.95 करोड़ कैश, 118.88 करोड़ के ड्रग्स और करीब 12.53 करोड़ के सोने चांदी और 95.91 करोड़ रुपये के उपहार भी जब्त किये गये हैं.

चुनाव आयोग ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में जब्त सामग्री और उसकी कीमतों का ब्योरा भी जारी किया है. इनमें असम से कुल करीब 122 करोड़, पश्चिम बंगाल में करीब 310.50 करोड़, तमिलनाडु से कुल करीब 446 करोड़, केरल से कुल करीब 85 करोड़ और पुडुचेरी से करीब 36 करोड़ रुपये के कीमत सामान जब्त किये गये हैं.

 

45 Views