निरंजनी अखाड़े ने महाकुंभ से हटने का किया फैसला, निर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर की कोरोना से मौत के बाद संतों में दहशत

देहरादून/हरिद्वार : हरिद्वार के महाकुंभ में शामिल होने गए महानिर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर कपिल देव की देहरादून के अस्पताल में कोरोना से हुई मौत के बाद संत-महंतों में दहशत का माहौल बना है. महामंडलेश्वर कपिल देव मध्य प्रदेश के चित्रकूट से महाकुंभ में शाही स्नान करने के लिए हरिद्वार आए थे. इस बीच, खबर यह भी है कि हरिद्वार कुंभ में शामिल संतों के 13 अखाड़ों में से एक निरंजनी अखाड़े ने कोरोना के बढ़ते मामलों और राज्य में खराब होती स्थिति के मद्देनजर कुंभ मेला से हटने का फैसला किया.

निरंजनी अखाड़ा के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने बताया कि मुख्य शाही स्नान 14 अप्रैल को मेष संक्राति के साथ संपन्न हो गया. हमारे अखाड़ा में कई लोगों में कोरोना के लक्षण दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में हमारे लिए कुंभ मेला संपन्न हो गया. उन्होंने कहा कि निरंजनी अखाड़े के साधु संतों की छावनियां 17 अप्रैल को खाली कर दी जाएंगी. बाकी अखाड़ों को भी एहतियातन कदम उठाते हुए कोरोना से बचाव को लेकर ध्यान देना चाहिए.

60 Views