BJP के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष की गाड़ी पर हमला, पार्टी नेता दीपक राय की कार भी तोड़ी
Begnal Chunav 2021: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में राजनीतिक हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है. अब, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष की गाड़ी पर हमला करने की खबर सामने आई है. बताया जाता है कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष कूचबिहार के शीतलकुची से चुनावी सभा में शामिल होकर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी कार पर पथराव कर दिया गया. घटना में दिलीप घोष को चोट नहीं आई है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी पर हमले के बाद बंगाल की सियासत गरमा गई है.
घटना के पीछे ममता बनर्जी: दिलीप घोष
दिलीप घोष ने जी 24 घंटा चैनल से बात करते हुए कहा कि पत्थरबाजी में उनके हाथ में चोट लगी है. अचानक हुए हमले से सभी सहम गए. दिलीप घोष ने सीधे तौर पर टीएमसी चीफ ममता बनर्जी को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है. दिलीप घोष के मुताबिक ममता बनर्जी चुनावी सभाओं में भाषण के जरिए लोगों को उकसा रही हैं. इसी का नतीजा है उनके ऊपर हमला हुआ है. उन्होंने घटना की कड़ी निंदा की है.

