महिला किसान पर टिप्पणी मामले में Kangana Ranaut के खिलाफ अमृतसर कोर्ट में केस फाइल, सुनवाई 19 मई को
अमृतसर। किसान आंदोलन में शामिल बुजुर्ग महिलाओं पर ट्वीट कर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अभिनेत्री कंगना रनोट (Kangana Ranaut) के खिलाफ अमृतसर अदालत में केस फाइल किया गया है। यह केस आम आदमी पार्टी ने अमृतसर अदालत में कंगना के खिलाफ केस फाइल किया था। मंगलवार को आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेत्री जीवनजोत कौर ने अमृतसर अदालत में पहुंचीं। उन्होंने कहा कि कंगना के खिलाफ 4 जनवरी 2021 को उन्होंने अदालत में केस फाइल किया था। इस केस की सुनवाई के बाद अदालत ने 19 मई की तारीख निर्धारित की है।
जीवनजोत कौर ने कहा कि दिल्ली बार्डर पर साढ़े तीन महीनों से अपना हक पाने के लिए आंदोलनरत किसानों के बीच बैठी बुजुर्ग महिलाओं पर कंगना रनोट ने टिप्पणी की थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि ऐसी बुजुर्ग महिलाएं तो 100-100 रुपये में किराये पर मिल जाती हैं। एक महिला होते हुए कंगना ने महिलाओं पर आपत्तिजनक कमेंट किया। हमें न्यायिक व्यवस्था पर पूरा विश्वास है। कंगना को उसके किए की सजा जरूर मिलेगी।
.jpg)
बता दें, कंगना रनोट बुजुर्ग महिला किसान महिंदर कौर पर ट्वीट कर विवादों में आ गई थी। इसके बाद कंगना का पंजाब में विरोध होने लगा था। कंगना के खिलाफ बुजुर्ग महिला ने कोर्ट में मानहानि का केस दायर किया हुआ है। बुजुर्ग महिला महिंदर कौर पति लाभ सिंह ने बताया था कि कंगना ने उनकी पत्नी पर ऐसी टिप्पणी कर उनका अपमान किया है। उनको रिश्तेदारों के फोन आए हैं और उनकी मानहानि हुई है।
.jpg)
कंगना रनोट व बुजुर्ग महिला किसान महिंदर कौर की फाइल फोटो।
कंगना रनोट के ट्वीट के बाद बठिंडा के गांव जंडियां निवासी बुजुर्ग महिंदर कौर का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें महिला ने कंगना को कड़ा जवाब दिया। बुजुर्ग महिला ने कहा था कि उनके पास 13 एकड़ जमीन है। उन्हें 100 रुपये लेकर कहीं जाने की जरूरत नहीं है। हां, अगर कोरोना के कारण कंगना के पास काम नहीं है तो उनके खेतों में अन्य मजदूरों के साथ काम कर सकती है।

