म्यांमार में तख्तापलट: जुंटा का अत्याचार जारी, गोलीबारी से 38 प्रदर्शनकारियों की मौत

सार
•प्रदर्शन के दौरान हिंसा में पहली बार एक पुलिस अधिकारी की भी मौत, तीन अन्य घायल, यंगून के हेलिंगथ्या जिले में मार्शल लॉ घोषित।
•सैन्य तानाशाही के खिलाफ तेज हुआ प्रदर्शन, शनिवार को मारे गए थे 13 लोग।

विस्तार

म्यांमार की राजधानी यंगून व अन्य शहरों में रविवार को प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षाकर्मियों ने गोलियां चलाईं। इसमें यंगून के करीब एक औद्योगिक क्षेत्र में हेलिंगथया में 22 लोगों समेत पूरे देश में कम से कम 38 नागरिकों की मौत हो गई। हिंसा के दौरान एक पुलिस अधिकारी की भी जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। फरवरी में निर्वाचित सरकार के सैन्य तख्तापलट के बाद शुरू हुए प्रदर्शन में किसी पुलिसकर्मी के जान गंवाने का यह महज दूसरा मामला है।

म्यांमार के सरकारी टीवी ने हेलिंगथया में सैन्य तानाशाही की तरफ से मार्शल लॉ लागू करने की जानकारी दी है। इससे पहले शनिवार को भी सुरक्षाबलों ने गोलियां चलाकर 13 प्रदर्शनकारियों को मार दिया था। देश में सेना द्वारा सत्ता कब्जाने के बाद छह हफ्ते से जारी प्रदर्शनों में अब तक 100 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जबकि पॉलीटिकल प्रिजनर्स एडवोकेसी ग्रुप के मुताबिक, 2100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। सोमवार को म्यांमार की सबसे लोकप्रिय नेता सू की को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।

 

39 Views