आईसीसी टी20 विश्व कप को ध्यान में रखकर खेलेगी टीम इंडिया, इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

  • कल से खेला जायेगा टी-20 सीरीज
  • विश्व की नंंबर एक टीम है इंग्लैंड
  • सपाट होगी मोटेरा की पिच

Ind vs Eng T20 : भारत दौरे पर आयी इंग्लैंड की टीम कल यानी 12 मार्च से टी-20 सीरीज खेलेगी. यह सीरीज दोनों ही टीमों के लिए बहुत खास है क्योंकि एक ओर तो टीम इंडिया टेस्ट सीरीज से जारी हुई अपनी विजय यात्रा को जारी रखना चाहेगी, वहीं इंग्लैंड की टीम भी लय में लौटना चाहेगी.

कप्तान विराट कोहली का मुख्य लक्ष्य इस सीरीज के जरिये अक्टूबर में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए कोर खिलाड़ियों की पहचान करना होगा. भारतीय कप्तान इसके लिए इयोन मोर्गन की अगुआई वाली दुनिया की नंबर एक टी20 टीम से बेहतर प्रतिद्वंद्वी की उम्मीद नहीं कर सकते.

इंग्लैंड के आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने हाल में कहा था, हमारे लिए यह शानदार मौका है कि हमें उन हालात में खेलने का मौका मिल रहा है जहां हमें विश्व कप खेलना है. भारत के पास हर स्थान के लिए कई विकल्प मौजूद हैं और ऐसे में यह कप्तान के लिए अच्छी खबर है.

इस तरह की स्थिति में हालांकि कुछ मुश्किल हालात भी पैदा हो जाते हैं और भारतीय टीम इससे अच्छी तरह वाकिफ है क्योंकि 2019 विश्व कप के दौरान टीम इस तरह की स्थिति का सामना कर चुकी है. उस टूर्नामेंट में भारत के पास नियमित रूप से चौथे नंबर पर खेलने वाला कोई बल्लेबाज नहीं था.

पुराने अनुभव को देखते हुए कोहली और मुख्य कोच रवि शास्त्री चाहेंगे कि वे फैसला कर लें कि टी20 विश्व कप में रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज कौन करेगा. इनके पास लोकेश राहुल और शिखर धवन के रूप में दो विकल्प मौजूद हैं. कौशल को देते हुए सीमित ओवरों की अंतिम एकादश में राहुल का चयन लगभग तय है लेकिन वैश्विक प्रतियोगिता में हमेशा धवन ने शानदार प्रदर्शन किया है और वह टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं.

45 Views