30 दिन में कोरोना के सर्वाधिक 16752 नए मामले, आज से 45 साल से ऊपर के बीमार लोगों का टीकाकरण

देश में कोरोना के मरीज फिर तेजी से बढ़ रहे है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, शनिवार को कोरोना के 16,752 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 113 मरीजों की मौत हुई है। पिछले 30 दिनों के अंदर ये सर्वाधिक मामले हैं। वहीं, देश के छह राज्यों में महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ में कोरोना के सबसे ज्यादा 86.37 फीसदी मामले हो गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, महाराष्ट्र में रविवार को सबसे ज्यादा 8,623 नए मरीज मिले। एक पखवाड़े में यहां 36 हजार से ज्यादा सक्रिय मरीज बढ़े हैं। केरल में रविवार को 3,792 मामले आए। वहीं, पंजाब में 593 मरीज, कर्नाटक में 523, तमिलनाडु में 486 और गुजरात में 451 नए मामलों ने राज्यों की चिंता बढ़ा दी है।

देश में अब तक 1,07,75,169 मरीज ठीक हो चुके हैं
देश में कोरोना सेे संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 1,10,96,731 हो गई है, जिनमें से 1,07,75,169 मरीज ठीक हो चुके हैं। देश में कुल 1,64,511 सक्रिय मरीज हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शनिवार को 113 मरीजों की मौत के साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,57,051 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इस साल 16 जनवरी से शुरू हुए कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान में अब तक 1,43, 01,266 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। कोरोना से लड़ने वाले अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं का टीकाकरण दो फरवरी को शुरू किया गया था। आईसीएमआर ने रविवार को बताया कि अब तक कोरोना की जांच के लिए 21,62,31,106 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं। शनिवार को 7,95,723 नमूनों की जांच की गई।

यूपी में एक साल बाद खुलेंगे प्राथमिक विद्यालय
उत्तर प्रदेश में कोरोना काल में एक साल बाद पहली से पांचवीं कक्षा तक के स्कूल सोमवार से खुलेंगे। परिषदीय स्कूलों को कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बच्चों के स्वागत के लिए सजाया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों में कक्षाओं के संचालन के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं।

 

43 Views