जेपी नड्डा के आने से पहले बंगाल में पुलिस ने BJP कार्यकर्ताओं पर चटकायी लाठियां, महिलाओं को भी नहीं बख्शा
कांचरापाड़ा (श्यामू) : हुगली जिला के डनलप मैदान में बेटियों के मान-सम्मान की बात करके ममता बनर्जी निकली ही थीं कि उत्तर 24 परगना में उनकी पुलिस ने महिलाओं पर बर्बरता से लाठी चार्ज कर दिया. भाजपा की कई महिला कार्यकर्ता इसमें घायल हो गयीं.
दरअसल, बंगाल के सभी 294 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए निकला भारतीय जनता पार्टी का परिवर्तन रथ उत्तर 24 परगना जिला के कांचरापाड़ा से गुजर रहा था. पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर यात्रा को रोक दिया. भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इसका प्रतिवाद किया, तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया.
पुलिस की लाठी से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. पुलिस वालों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा. बाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) के बंगाल आने से ठीक पहले उत्तर 24 परगना जिला में हुई पुलिस की इस निर्मम कार्रवाई के विरोध में बंगाल भाजपा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और पार्टी के अन्य बड़े नेता धरना पर बैठ गये हैं.

