लाल किला हिंसा मामले में दो और गिरफ्तारी, आरोपी मोहिंदर, मनदीप को पुलिस ने जम्मू से दबोचा

कृषि कानून के विरोध में निकाली गई ट्रैक्टर रैली के दौरान 26 जनवरी के दिन लाल किला पर हुई हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस ने जम्मू से दो आरोपियों मोहिंदर सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया है।

सोमवार को गिरफ्तार हुआ था लाल किले के गुंबद पर चढ़ने वाला जसप्रीत
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 26 जनवरी को लालकिले पर निशांत साहिब(धार्मिक झंडा) फहराने वाले एक और आरोपी जसप्रीत सिंह उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली का रहने वाला है और गत मंगलवार को गिरफ्तार किए गए मनिंदर का साथी है।

आरोपी ने लालकिले के गुंबद पर तलवार भी लहराई थी। ये लालकिले पर झंडा फहराने वाले आरोपियों का ही साथी है। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त(अपराध शाखा) प्रवीर रंजन ने जसप्रीत की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

विशेष पुलिस आयुक्त प्रवीर रंजन ने बताया कि 26 जनवरी को जसप्रीत लालकिले पर मौजूद था और वह धार्मिक झंडा फहराने के लिए लालकिले की गुंबद में चढने वाले आरोपियों में शामिल था। दिल्ली के स्वरूप नगर में रहने वाला जसप्रीत गत मंगलवार को गिरफ्तार किए गए मनिंदर का साथी है। वह मनिंदर के साथ ही स्वरूप नगर से ही ट्रैक्टर रैली में शामिल हो गया था और मनिंदर के साथ ही मोटरसाइकिल से लालकिले पहुंचा था।  वह लाल किला पर झंडा फहराने वाले मनिंदर सिंह के पीछे खड़ा था।

लालकिले पर हिंसा के बाद सामने आए वीडियो में जसप्रीत सिंह(29) दोनों हाथों से तलवार लहराता नजर आया था। इसके बाद वो लाल किले की रामपार्ट में स्थित एक गुंबद पर भी चढ़ा था। वह स्टील की रॉड लेकर लोगों को भड़काता भी रहा था। वह लोगों को भड़काते हुए वीडियो में नजर आ रहा है। लाल किला पर धार्मिक झंडा फहराने और हिंसा करने के मामले में पुलिस दीप सिद्धू  व मनिंदर सिंह समेत कई अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

29 Views