गोलियों की आवाज से दहला जालंधर, राज नगर में पुलिस से भिड़े बदमाश, तीन गिरफ्तार
जालंधर । राज नगर में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच गोलियां चली हैं। मामला पिछले दिनों टाइल व्यापारी से हुई करीब साढ़े पांच लाख रुपये की लूट से जुड़ा है। यह कार्रवाई सीआईए स्टाफ और थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने की है। खुद को घिरा देख बदमाशों ने सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह की ओर गोलियां चला दीं। हवाई फायर से इलाके में दहशत फैल गई। बाद में इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले, मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दर्जनों संदिग्धों से पूछताछ की थी। बताया जा रहा है कि गोली .32 बोर की पिस्तौल से चलाई गई थी।घटना के सीसीटीवी में कैद होने के बाद पुलिस ने संदिग्धों को फुटेज दिखाकर आरोपितों की पहचान करवाने की कोशिश की थी।
दस दिन पहले जेपी नगर के रहने वाले टाइल व्यापारी गगन अरोड़ा से लुटेरे बैग छीन ले गए थे। वारदात शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में हुई थी। लुटेरों ने विरोध करने पर उनके पैर के पास गोली चला दी थी। बाद में रुपयों से भरा बैग छीन लिया था। गगन ने पुलिस को बताया था कि वो शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में गगन टाइल नाम से शोरूम चलाता है। पिछले दिनों शाम सात बजे घर पहुंचा। गाड़ी से उतरने पर उसे बाइक पर आए तीन युवकों ने गेर लिया। उनके चेहरे ढंके हुए थे। वे उससे उसका पैसों वाला बैग छीनने लगे। विरोध करने पर एक लुटेरे ने पिस्तौल से गोली चला दी जो उनके पैर के पास से होकर निकल गई। इसके बाद वे बैग छीनकर भाग गए।

