TOP 5 हिन्दी समाचार

लालकिला हिंसा मामले में आरोपी दीप सिद्धू गिरफ्तार, स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार
दीप सिद्धू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। सिद्धू 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान लालकिले पर हुई हिंसा मामले के मुख्य आरोपी में से एक है। करीब 15 दिन तक फरार रहने के बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम रखा था। फिलहाल यह नहीं बताया गया है कि उसे पुलिस ने कहां से गिरफ्तार किया है।
पुलिस की गिरफ्त से दूर रहते हुए सिद्धू लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर रहा था। दावा किया गया है कि पंजाबी अभिनेता जो वीडियो अपलोड करता है, उसके पीछे उसकी एक बेहद करीबी महिला मित्र है। पुलिस के अनुसार सिद्धू वीडियो बनाता था और उसे उसकी महिला मित्र विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया करती थी।

corona vaccination : देश में कोरोना वैक्सीन लगवाने में भी महिलाएं अव्वल
कोरोना संक्रमण ज्यादातर पुरुषों में मिल रहा है, लेकिन इस बीमारी से बचाव के लिए महिलाओं में अधिक जागरूकता देखने को मिल रही है। कोरोना टीकाकरण में भी महिलाओं ने ही बाजी मारी है। अब तक देश में 55 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है जिनमें 63 फ़ीसदी सर्वाधिक महिला स्वास्थ्य कर्मचारी या फ्रंटलाइन वर्कर हैं।
पुरुषों की तुलना में करीब दोगुना महिलाओं ने लगवाया टीका
टीकाकरण में महिलाओं की बदौलत भारत दुनिया का तीसरा देश बन गया है जहां 55 लाख से अधिक लोग टीका लगा चुके हैं। साथ ही 21 दिन में 50 लाख लोगों को टीका लगाने का रिकॉर्ड भी हासिल हुआ है। केंद्र सरकार की को-विन प्लेटफार्म से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार तक देश में 5,562,621 लोगों को पहली खुराक मिल चुकी है। इनमें 35,44,458 (63.2 फ़ीसदी) महिलाएं शामिल हैं, जबकि 20,61,706 (36.8 पुरुष) कर्मचारी हैं।

LPG Subsidy : एलपीजी पर मिलने वाली सब्सिडी होगी बंद ? जानिए सरकार ने ऐसा क्या किया
वित्त मंत्रालय (Ministry of Finance) ने वित्त वर्ष 2022 के लिए पेट्रोलियम सब्सिडी (LPG Cylinder Subsidy) को घटा दिया है जिसका असर आम आदमी पर पड़ेगा. जी हां…मंत्रालय ने पेट्रोलियम सब्सिडी को कम करके 12,995 करोड़ रुपये कर दिया है. यहां चर्चा कर दें कि सब्सिडी बजट में यह कटौती ऐसे समय में की गई है जब सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत एक करोड़ लाभार्थियों को जोड़ने की भी बात की है. दरअसल, सरकार को यह उम्मीद है कि एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) की कीमतों में बढ़ोतरी करने के बाद उस पर सब्सिडी का बोझ कम हो जाएगा.
इस संबंध में अंग्रेजी वेबसाइट मिंट ने खबर दी है जिसमें उसने रिपोर्ट में सरकारी अधिकारी का हवाला दिया है. रिपोर्ट की मानें तो सरकार सब्सिडी को खत्म करने की दिशा में अग्रसर है. यही वजह है कि केरोसिन तेल और एलपीजी के दाम में लगातार बढोतरी नजर आ रही है. यह अगले वित्त वर्ष में भी जारी रहेगा.

अप्रैल में स्कूल खोलने के पक्षधर हैं 67 प्रतिशत अभिभावक
दस राज्यों ने करीब 11 महीनों के बाद फरवरी में स्कूल खोल दिए हैं। इसके अलावा अन्य राज्य भी बोर्ड परीक्षाओं के लिए स्कूल खोलने की तैयारी कर रहे हैं। राज्यों ने स्कूल खोलने की इजाजत दे दी है पर 67 फीसदी अभिभावक अभी भी दो महीने तक स्कूल न खोलने के पक्ष में हैं।
उनका मानना है कि अभी संक्रमण का खतरा है, इसलिए अप्रैल तक स्कूल खोलने का इंतजार करना चाहिए। वहीं 32 फीसदी अभिभावकों का मानना है कि स्कूल जून-जुलाई में खोले जाने चाहिए।


