फरीदकोट में बच्चों की हत्या कर ठेकेदार के खुदकुशी मामले में कांग्रेस विधायक का साला नामजद

फरीदकोट। फरीदकोट के नारायण नगर में युवा बिजली ठेकेदार करण कटारिया के अपनी पत्नी व दो बच्चों को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर गिद्दड़बाहा से कांग्रेस विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के साले व मुक्तसर निवासी डिंपी विनायक के खिलाफ आत्महत्या को मजबूर करने की आइपीसी की धारा 306 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

थाना कोतवाली पुलिस ने यह केस मृतक ठेकेदार करण कटारिया के सुसाइड नोट और उसके भाई अंकित कटारिया के बयान के आधार पर दर्ज किया है। इस घटनाक्रम के दौरान करण कटारिया व उसके दोनों बच्चों की मौत हो चुकी है जबकि उसकी पत्नी शीनम कटारिया को लुधियाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर भी बनी हुई है।

पुलिस को दिए बयान में करण कटारिया के छोटे भाई अंकित कटारिया ने बताया कि उनके पास ट्रक यूनियन गिद्दड़बाहा के फसलों की लिफ्टिंग के ठेके थे। गिद्दड़बाहा के कांग्रेस विधायक राजा वडिंग का साला होने के कारण मुक्तसर निवासी डिंपी विनायक का उनके सारे कामों में दखल था और वह उनसे उगाही करता था। इस दबाव के कारण पिछले व इस सीजन के दौरान वह उनसे 1 करोड़ 22 लाख रुपये ले गया। इसी तरह बिजली के काम में भी वह उनसे जबरन वसूली कर रहा था और दावा करता था कि इस पैसे में विधायक राजा वडिंग का भी हिस्सा है।

इस लेनदेन के कारण डिंपी ने राजा वडिंग के साथ भी उनका विवाद खड़ा करवा दिया और राजा वडिंग भी उनसे पैसे की डिमांड करने लगा। अंकित के अनुसार जब भी डिंपी से पैसे वापस मांगे गए तो उसने राजनीतिक जोर की वजह से पैसे देने से साफ इन्कार कर दिया जिसके कारण उसका भाई परेशान रहने लगा। दो दिन पहले डिंपी ने उसके भाई से कहा था कि पैसे तो वापिस नहीं मिलेगें, तू खुदकुशी कर ले। घटना वाले दिन रात के समय भी डिंपी ने फोन करके उसके भाई को परेशान किया था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। सुसाइड नोट के साथ करण कटारिया ने शपथ पत्र पर अपनी सारी अचल जायदाद का मालिक अपने छोटे भाई अंकित को घोषित किया है। साथ ही लेन देन के विवरण की भी जानकारी दी है।

मृतक पर हत्या व इरादा-ए-कत्ल की धारा का केस दर्ज

उधर थाना कोतवाली पुलिस ने पत्नी व दोनों बच्चों को खुदकुशी करने वाले करण कटारिया (मृतक) के खिलाफ भी हत्या व इरादा ए कत्ल की धाराओं के तहत अलग केस दर्ज किया है। करण कटारिया पर आरोप है कि उसने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पत्नी व दोनों बच्चों की हत्या करने की मंशा से फायर किए और बाद में खुद को भी गोली मार ली।

 

40 Views