IPL 2021 की नीलामी के लिए 1000 से ज्यादा खिलाड़ियों ने दिया नाम, सबसे ज्यादा इस देश के खिलाड़ी

नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन लिए होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी के लिए 1 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इस साल की नीलामी में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क का नाम शामिल नहीं है। आइपीएल में फिक्सिंग का आरोप लगने के बाद प्रतबिंध झेलने वाले एस श्रीसंत ने भी नीलामी में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।

इसी महीने की 18 तारीख को आइपीएल की नीलामी की जानी है। इसमें शामिल होने वाले खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के लिए 4 फरवरी को आखिरी दिन निर्धारित किया गया था। इस साल की नीलामी में शामिल होने के लिए कुल 1097 खिलाड़ियों ने अपनी रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें भारतीय टीम के तेज गेंदबाज एस श्रीसंत का भी नाम है।

कुल 1097 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

इस साल की नीलामी में शामिल होने के लिए कुल 1097 खिलाड़ियों ने अपना नामांकन कराया है। इसमें 814 भारतीय और 283 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। लिस्ट में शामिल होने वाले खिलाड़ियों में 863 अनकैप्ड जबकि 207 इंटरनेशनल मैच खेल चुके खिलाड़ी हैं। इस साल की नीलामी चेन्नई में 18 फरवरी को दोपहर तीन बजे से शुरू होगी।

लिस्ट में सबसे ज्यादा वेस्टइंडीज के खिलाड़ी

नीलामी के लिए नामांकन कराने वाले खिलाड़ियों में अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, आयरलैंड, नेपाल, नीदरलैंड्स, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, यूएई, अमेरिका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें वेस्टइंडीज को 56, ऑस्ट्रेलिया के 42 साउथ अफ्रीका के 38 और अफगानिस्तान के 30 खिलाड़ी हैं।

43 Views