जालंधर के दो बड़े सरकारी अस्पतालों के एक्सरे यूनिट पड़े ‘बीमार’, मरीज हो रहे परेशान
जालंधर । पंजाब के सबसे बड़े सिविल अस्पताल व ईएसआइ अस्पताल में पिछले कई दिनों से एक्सरे यूनिट खराब पड़े है। एक्सरे न होने से मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन इसे तकनीकी खराबी बता कर जल्द ही ठीक करवाने की बात कर रहा है। सिविल अस्पताल व ईएसआइ अस्पताल में पिछले करीब एक सप्ताह से एक्सरे मशीनें बंद पड़ी है। सिविल अस्पताल में रोजाना 90 व ईएसआइ अस्पताल में 40 के करीब मरीज एक्सरे करवाने के लिए पहुंचते है।
सरकारी अस्पतालों से एक्सरे न होने करने के कारण मरीजों को निराशा झेलनी पड़ रही है। सड़क हादसे में घायल संजीव कुमार सिविल अस्पताल में इलाज करवाने के लिए पहुंचा। जांच पड़ताल के बाद डाक्टरों ने एक्सरे करवाने की सलाह दी। मौके पर एक्सरे सुविधा न मिलने की वजह से उसे निजी सेंटर में एक्सरे करवाने के लिए जाना पड़ा। जहां एक्सरे करवाने के लिए उसे 550 रुपये खर्च करने पड़े। जबकि सरकारी अस्पताल में सड़क हादसे के शिकार मरीज के मुफ्त एक्सरे होने थे।
वहीं, ईएसआइ अस्पताल के मरीजों को भी जेब से पैसे खर्च कर एक्सरे करवाने पड़ रहे है। इसके बाद बिल के भुगतान के लिए लंबे अरसे तक इंतजार करना पड़ता है। सिविल अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. परमिंदर कौर व ईएसआइ अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. सुधा शर्मा का कहना है कि तकनीकी खराबी की वजह से एक्सरे मशीनें खराब है। इनकी मरम्मत के लिए संबंधित कंपनी को पत्र लिखा है और इन्हें ठीक करने की प्रक्रिया चल रही है।

