चंडीगढ़ के पास पत्नी की हत्या कर पति हो रहा था फरार, ट्रक ने मारी टक्कर, मौत
चंडीगढ़ । पंजाब के खरड़ स्थित सन्नी एन्क्लेव में पत्नी की हत्या कर भाग रहा पति दुर्घटना का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था। पति ने गुस्से में पत्नी का कत्ल कर दिया और फिर पत्नी के नाम से रजिस्टर्ड डस्टर कार पर सवार होकर फरार हो गया। जब वह तोंगा लाइट प्वाइंट के पास पहुंचा तो हिमाचल नंबर के ट्रक ने उसकी कार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना शुक्रवार तड़के की है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस की जांच में मृतक की पहचान पंजाब के खरड़ स्थित सन्नी एन्क्लेव के मकान न 2435/बी में रहने वाले वारिस कामरुद्दीन के रूप में हुई। वहीं, हादसा कर भागने वाले ट्रक चालक की तलाश में पुलिस लगी है। सारंगपुर थाना पुलिस ने कांस्टेबल अर्विन की शिकायत पर फरार ट्रक एचआर 26 ए 5668 चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। यूटी पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक अपनी पत्नी वर्षा चौहान की हत्या कर फरार हुआ था, जिसकी पंजाब के खरड़ पुलिस को तलाश भी थी। जिसकी सूचना चंडीगढ़ पुलिस ने खरड़ पुलिस को दी।
धनास स्थित तोंगा बैरियर के नाका पोस्ट पर तैनात संतरी अर्विन ने पुलिस को बताया कि वह ड्यूटी पर तैनात था। शुक्रवार सुबह 3.45 मिनट पर तोंगा की तरफ से तेज रफ्तार ट्रक चालक आया और उसने डस्टर कार को पीछे से टक्कर मार दी। व्यक्ति ट्रक में फंस गया और चालक उसे काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। थोड़ी दूर जाकर व्यक्ति लहूूलुहान हालत में सड़क पर गिर गया। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डाक्टर ने कमरूदीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मामलें की जांच करने सारंगपुर थाने से सब इंस्पेक्टर मोहन सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को मृतक की पहचान वारिस कामरुद्दीन के रूप में हुई। एसआइ मोहन ने तुरंत खरड़ पुलिस से संपर्क कर स्वजनों को मामले की सूचना देने के की सूचना दी।
वहीं, चंडीगढ़ पुलिस को खरड़ स्थित सन्नी एन्क्लेव चौकी इंचार्ज हर्ष गौतम ने बताया कि मृतक की पत्नी वर्षा चौहान का रात ही मर्डर हुआ है। वर्षा चौहान का पति कमरूदीन ही पत्नी की हत्या कर फरार हुए था। दोनों पति-पत्नी के बीच काफी समय से झगड़ा चल रहा था। पुलिस ने बताया कि मृतक मूलरूप से भोपाल का रहने वाला था। पुलिस ने उसके शव को मोर्चरी में रखवा कर मामले की सूचना स्वजनों को दे दी है। वहीं, पुलिस फरार ट्रक के नंबर से चालक की तलाश कर रही है।

