बस स्टैंड के पास मनी एक्सचेंजर से लूट मामले में चौथा आरोपित भी जालंधर पुलिस ने दबोचा

जालंधर । पिछले दिनों बस स्टैंड के पास मनी एक्चेंजर से लूट के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। एक महिला सहित तीन लोगों को पहले ही दबोचा जा चुका है। सीआईए स्टाफ की पुलिस ने 18 दिन पहले गन प्वाइंट पर बस स्टैंड के पास वेस्टर्न यूनियन में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चौथे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो हजार कैनेडियन डालर भी बरामद कर लिए हैं। आरोपित तरनतारन के गांव बिल्लियां वाला का गुरकृपाल सिंह है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट मामले में वांछित आरोपित कचहरी चौक की तरफ आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी करके उसे कपूरथला चौक से गिरफ्तार कर लिया। बाद में गुरुकृपाल की निशानदेही पर उसी के घर के स्टोर से दो हजार कैनेडियन डालर बरामद किए। गुरकृपाल सिंह उर्फ पाला 26 साल का है और आठवीं पास है।

इससे पहले सीआईए स्टाफ ने तीन आरोपितों से दुकान में लूटी गई रकम से दो लाख 40 हजार भारतीय करंसी, 850 यूरो, 819 यूएस डालर, 800 दराम, 15910 थाईलैंड बाट, दस सिंगापुर डालर, 9 रायल साउदी रियाल, दो मलेशीयन रिंगट सहित वारदात में इस्तेमाल की गई .32 बोर पिस्टल सहित नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।

पिछले महीने बदमाशों ने मनी एक्चेंचर की शाप में घुसकर करीब छह लाख रुपये की लूट की थी। लुटेरों ने शाप में काम करने वाली लड़की को गन प्वाइंट पर ले लिया था। इसके बाद वह भारतीय और विदेशी करंसी लेकर फरार हो गए। दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज छानबीन शुरू की थी। बाद में पुलिस ने मामले में सरबजीत कौर नाम की महिला के अलावा दो लोगों को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि यह महिला शाप में काम करने वाली लड़की बहन लगती थी और लूटपाट वाले दिन ही उससे मिलने शाप पर गई थी।

 

30 Views