पंजाब के मोगा में स्कूल में घुसा युवक, अन्य छात्रों को क्लास में बंद कर छात्रा से करने लगा अश्लील हरकतें
मोगा। पंजाब के मोगा जिले में स्थित गांव डूढीके के सरकारी प्राइमरी स्कूल में एक युवक शुक्रवार सुबह 9ः30 बजे स्कूल परिसर में घुस गया। उसने तब तक स्कूल पहुंचे बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया और पांचवींं में पढ़ने वाली छात्रा को मिड डे मील वाले कमरे में ले गया। वह छात्रा से अश्लील हरकतें करतेे हुए उसके कपड़े उतारने लगा। इसी बीच, स्कूल में पहुंचे दूसरे बच्चों ने बंद कमरे का दरवाजा खोला और शोर मचाया। पौने दस बजे जब टीचर पहुंचे तो युवक मौके से फरार हो गया।
लड़की के पारिवारिक सदस्यों को जब घटना का पता चला तो उन्होंने इसकी जानकारी अजीतवाल थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है। बच्ची के पिता ने कहा कि व नौ बजकर 25 मिनट पर बेेेेटी को स्कूल छोड़कर गया था। इसी दौरान 28 साल का युवक स्कूल में दाखिल हुआ। वह एक कक्षा में गया। वहां उस समय तक आ चुके बच्चों से उसने पूछा कि सबसे बड़ा जूता किसके पैर में आता है, इस पर पांचवी की एक छात्र ने कहा कि उसके पैर में आता है। इसके बाद वह उस छात्रा को अपने साथ ले गया।
घटना से शिक्षा विभाग की बड़ी खामी आई सामने
स्कूल के मुख्य अध्यापक गोपाल ने बताया कि सरकार की ओर से स्कूल को न तो चौकीदार मिला है न चपरासी। निजी स्तर पर उन्होंने एक सफाई सेवक को रखा है, उसका मानदेय भी वह अपने स्तर पर मिलकर देते हैं। सफाई सेवक ही सुबह आकर सफाई के बाद स्कूल का ताला खोलता है। स्कूल का समय 10 बजे का होने के कारण ज्यादातर अध्यापक पौने दस बजे के बाद आने शुरू होते हैं। ऐसे में कुछ पहले स्कूल पहुंचने वाले बच्चों की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। इस संबंध में डीईओ एलीमेंटरी सुरिंदर कौर को कई बार फोन मिलाया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं अटेंड किया।

