जकार्ता से उड़ान भरने के बाद इंडोनेनियाई एयरलाइन के विमान का क्रैश, विमान में सवार थे 62 लोग

जकार्ता। इंडोनेशिया (Indonesia) की राजधानी जकार्ता (Jakarta) से उड़ान भरने के बाद शनिवार को एक हवाई जहाज क्रैश हो गया। समाचार एजेंसी सिन्‍हुआ (Xinhua) ने स्‍थानीय मीडिया के हवाले से बताया है कि इंडोनेशिया के श्रीविजय एयर का यात्री विमान जकार्ता से दूर पानी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। श्रीविजया एयर की फ्लाइट संख्या एसजे-182 का कंट्रोल रूम से संपर्क टूट गया था। विमान पर कुल 62 लोग सवार थे। विमान ने पश्चिम कालीमंतन प्रांत (Kalimantan province) में पोंटिआनक (Pontianak) के लिए उड़ान भरी थी।

समाचार एजेंसी एएनआइ ने अपनी रिपोर्ट में सिन्‍हुआ के हवाले से कहा है कि संपर्क टूट जाने के बाद बोइंग B737-500 विमान की खोजबीन का अभियान चलाया गया जिसके बाद उसके क्रैश होने की जानकारी सामने आई है। त्रिसुला तट रक्षक जहाज के कमांडर कैप्टन ईको सूर्या हादी ने बताया कि विमान का मलबा और मानव शरीर के टुकड़े पाए गए हैं। समाचार एजेंसी एपी ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि यह एक घरेलू उड़ान थी। विमान ने जकार्ता से दोपहर 1:56 बजे उड़ान भरी थी। विमान से अंतिम संपर्क अपराह्न 2:40 पर हुआ था।

इंडोनेनियाई एयरलाइन (Indonesian airline) श्रीविजय एयर (Sriwijaya Air) ने कहा है कि विमान अपनी पोंटिआनक (Pontianak) के लिए अपनी 90 मिनट की उड़ान पर था। विमान में सवार लोगों में 56 यात्री और चालक दल के छह सदस्‍य शामिल हैं। इंडोनेशियाई अखबार रिपब्लिका ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि विमान ने सोकार्नो-हट्टा हवाई अड्डे (Soekarno-Hatta Airport) से उड़ान भरी थी। विमान में सवार यात्रियों में छह बच्‍चे भी शामिल थे।

विमान निर्माता अमेरिकी कंपनी बोइंग के विमान पहले भी हादसे के शिकार होते रहे हैं। साल 1978 में एयर इंडिया का बोइंग 747 विमान पहली जनवरी को 213 यात्रियों के साथ समु्द्र में समा गया था। सम्राट अशोक नाम के इस विमान ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और कुछ देर बाद हादसे का शिकार हो गया था। हादसे की वजह किसी यांत्रिक खराबी को बताया गया था। इस विमान में चालक दल के 23 सदस्य और 190 यात्री सवार थे। बाद में समुद्र से विमान के मलबे मिले थे जिसकी जांच में पाया गया कि यह विमान एक हादसे का शिकार हुआ था।

उल्‍लेखनीय है कि साल 2018 और 2019 के पांच महीने के दरम्‍यान इंडोनेशिया और इथोपिया में 737 मैक्स विमान के साथ कई हादसे हुए थे। इंडोनेशिया और इथियोपिया में हुए हादसों में 346 लोगों के मारे जाने के बाद दुनियाभर के देशों ने मैक्स विमान का परिचालन बंद कर दिया था। इसके बाद हादसों को लेकर कई तरह की जांचों का सिलसिला शुरू हो गया। इन विमानों की निर्माता अमेरिकी कंपनी बोइंग आलोचकों के निशाने पर आ गई थी जिसको काफी नुकसान उठाना पड़ा था। दुनियाभर की विमानन कंपनियों और उड्डयन नियामकों से बोइंग के रिश्ते खराब हुए थे। यहां तक कि विमानन कंपनियों ने अपने ऑर्डर तक रद कर दिए थे जिससे बोइंग को काफी नुकसान हुआ था।

38 Views