Bird Flu: जालंधर की आरडीडीएल लैब की टीम ने पंचकूला में लिए पक्षियों के सैंपल, रिपोर्ट कल

जालंधर। देश के कई हिस्सों में बर्ड फ्लू फैलने के खतरे के बीच जालंधर स्थित रीजनल डिजीज डायग्नोस्टिक लैबोरेटरी (आरडीडीएल) की एक टीम ने बुधवार को पंचकूला के बरवाला और उसके आसपास के एरिया से करीब 50 मृत पक्षियों के सैंपल लिए हैं। इस टीम में दो डाक्टर सहित चार सदस्य शामिल थे। टीम के सदस्यों ने बताया की मंगलवार को बारिश की वजह से कामकाज प्रभावित हुआ था। इसकी वजह से बुधवार शाम तक सैंपल लेने की प्रक्रिया जारी रही। देर रात टीम में आरडीडीएल लैब पहुंचेगी और फिर वीरवार सुबह से टेस्ट शुरू किए जाएंगे। इनमें से कुछ सैंपल भोपाल में भी जांच के लिए भेजे जाएंगे।

पंचकूला में एक लाख ज्यादा मुर्गे-मुर्गियों की मौत

बता दें कि पूरे देश से अचानक पक्षियों की मौत की खबरें आ रही हैं। रीजन की बात करें तो पंचकूला में गत दिनों करीब एक लाख मुर्गे-मुर्गियों की मौत के बाद हड़कंप मच गया था। जानकार पक्षियों में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका जता रहे हैं। इसी के चलते चंडीगढ़ की सुखना झील के आसपास भी निगरानी बढ़ा दी गई है। सुखना झील में सर्दियों में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। दुर्लभ प्रजाति के इन पक्षियों को देखने के लिए आते हैं।

पौंग डैम में भी बड़ी संख्या हुई है पक्षियों की मौत|

उधर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के सीमा पर स्थित पौंग वेटलैंड पिछले एक सप्ताह के दौरान करीब ढाई हजार पक्षियों की मौत हो चुकी है। इससे पंजाब में भी बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। इतनी बड़ी तादाद में पक्षियों की मौत से विशेषज्ञ हैरान हैं। पौंग झील मामले को लेकर पंजाब का प्रशासन चौकन्ना है। एक लैब की रिपोर्ट के मुताबिक तो यह बर्ड फ्लू ही लग रहा है। अब आरडीडीएल की रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।

34 Views