पैसा कमाने एक महीने पहले दुबई गई थी मीनू, जालंधर शव आया तो बूढ़ी मां का कलेजा फटा

जालंधर। शहर के एक गरीब परिवार पर उस समय मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा जब उन्हें एक महीने पहले ही दुबई में नौकरी करने गई बेटी की मौत की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि पंजपीर की रहने वाली मीनू नाम की युवती अपने घर की गरीबी दूर करने के लिए विदेश में पैसे कमाने गई थी। उसे वहां ब्यूटी पार्लर में काम करने का मौका मिला था। हालांकि दुर्भाग्य ने वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। इससे पहले कि मीनू ठीक से काम शुरू कर पाती, वह बीमार पड़ गई। बाद में उसकी तबीयत खराब होती गई और फिर मौत हो गई। हालांकि मौत के स्पष्ट कारणों का पता पड़ताल के बाद ही चल पाएगा।

मीनू की मौत के बाद दुबई स्थित भारतीय कांसूलेट ने सरबत दा भला चैरिटेबल सोसाइटी से संपर्क साधा और जालंधर में युवती के परिवार की खोजबीन में मदद मांगी। सोसाइटी के परमजीत सिंह ने बताया कि पड़ताल करने पर पता चला मीनू के घर में उसकी बूढ़ी मां के अलावा कोई नहीं है|

परिवार बहुत गरीब है। इसके बाद सरबत दा भला सोसाइटी की मदद से मीनू का शव दुबई से अमृतसर एयरपोर्ट लाया गया और वहां से फिर जालंधर। मीनू का शव देखकर उसकी रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बुधवार को उसका किशनपुरा श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर भी सरबत दा भला सोसाइटी के सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने मीनू के परिवार की आर्थिक मदद भी की है।

अमरजोत सिंह ने कहा कि मां ने बताया कि मीनू एक महीना पहले ही दुबई गई थी और वहां पहुंचने के कुछ दिन बाद ही बीमार हो गई थी। मीनू को वहां लाने वाले उसका इलाज करवाने के बजाए बकाया राशि मांगने लगे। अंतिम समय में उसे नाजुक हालत में अस्पताल दाखिला करवाया गया और जहां उसकी मौत हो गई।

 

35 Views