दिल्ली में ऑक्सीजन की कमी दूर करने के लिए बैंकॉक से 18 टैंकर और फ्रांस से 21 प्लांट मंगवा रही केजरीवाल सरकार
नयी दिल्ली : दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी से त्राहिमाम मचा हुआ है. हर दिन कुछ न कुछ कोरोना मरीज ऑक्सीजन की कमी से मर रहे हैं. अस्पताल प्रबंधक राज्य और केंद्र सरकार से ऑक्सीजन की गुहार लगा रहे हैं. इस बीच केंद्र सरकार ने दिल्ली के ऑक्सीजन के कोटे में बढ़ोतरी की है. अब केजरीवाल सरकार (Arvind Kejriwal) बैंकॉक और फ्रांस के संपर्क में है. बैंकॉक से जहां 18 क्रायोजेनिक ऑक्सीजन टैंकर मंगवाए जा रहे हैं. वहीं फ्रांस से 21 ऑक्सीजन प्लांट की बात की गयी है.
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि हम थाइलैंड से 18 क्रायोजेनिक ऑक्सीजन टैंकर मंगवा रहे हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार फ्रांस से तुरंत इस्तेमाल किये जाने वाले ऑक्सीजन संयंत्रों का भी आयात करेगी. अगले महीनें दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में 44 ऑक्सीजन संयंत्र लगाये दिये जायेंगे.

