पंजाब में 10 अप्रैल तक रात्रि कर्फ्यू बढ़ा, स्कूल भी रहेंगे बंद, जेलों में होगा टीकाकरण
सार
•मुख्यमंत्री ने कोविड प्रतिबंधों को जारी रखने का किया एलान
•भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल टीकाकरण का दिया आदेश
•जेलों में कैदियों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाने को कहा
विस्तार
पंजाब में यूके (यूनाइटेड किंगडम) स्ट्रेन मिलने के बाद कोरोना संक्रमण और मौतों में निरंतर इजाफा हो रहा है। इसी ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को कोविड के कारण लगाए प्रतिबंधों को 10 अप्रैल तक बढ़ाने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने को कहा है।
मुख्य सचिव और अन्य उच्च अधिकारियों के साथ कोविड की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो प्रतिबंध 31 मार्च तक लगाए गए थे, उन सभी को 10 अप्रैल तक बढ़ा दिया जाए और इसके बाद वह फिर इसकी समीक्षा करेंगे। नाभा ओपन जेल में 40 महिलाओं के कोविड पॉजिटिव पाए जाने के कारण मुख्यमंत्री ने कैदियों के लिए भी जेलों में विशेष टीकाकरण मुहिम शुरू करने के आदेश दिए हैं।

