जालन्धर के जवाला नगर से मिली लाश की पहचान हुई, हत्या के केस में पैरोल पर बाहर आया था मरने वाला
जालन्धर : मनवीर सिंह वालिया, नवदीप विरदी
जालन्धर के मकसूदां क्षेत्र में स्थिति जवाला नगर में शुक्रवार रात एक अज्ञात युवक को तेजधार हथियारों से काट कर लाश सडक़ पर फेंक दी गई थी। जिस से वहां सनसनी फैल गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच में युवक की पहचान हो गई है। बताया जाता है कि वह कई साल पहले हत्या के एक मामले में पैरोल पर बाहर आया हुआ था। शव पर काफी घाव थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मरने वाले की पहचान ज्वाला नगर के ही मनीष कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में ये रंजिश का मामला लगता है।
मृतक मनीष के खिलाफ 2013 में हत्या का मामला दर्ज हुआ था। इज्वाला नगर में ही रहने वाले टीवी सेंटर के सिक्युरिटी गार्ड दिलबाग सिंह ने शिकायत दी थी कि उनके दो बेटे दलजीत सिंह और कुलदीप सिंह हैं। बड़ा बेटा पहले ही विदेश में था छोटे कुलदीप की शादी की गई, 6 महीने बाद ही वह भी विदेश चला गया। उसके विदेश जाने के बाद उसकी पत्नी के संबंध पड़ोस में ही रहने वाले मनीष के साथ बन गए थे। जब उसने एतराज किया तो घर में लड़ाई रहने लगी। इस बारे में उसने बेटे कुलदीप को बता दिया। कुछ समय बाद कुलदीप जब वापस आया उसने भी अपनी पत्नी को समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। पत्नी ने पुलिस में उसके बेटे के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवा दिया।
एक रात जब कुलदीप अपनी पत्नी को समझा बुझा रहा था तो अचानक मनीष भी अपने घर की छत पर आ गया और उससे झगडऩे लगा। अगले दिन वह ड्यूटी पर गया। रात को वापस आते समय उसने देखा कि घर के पास ही मनीष कुमार, उसकी बहू और एक और व्यक्ति उस पर तेजधार हथियारों से प्रहार कर रहे हैं। बेटे को पिटते देख उसने शोर मचाया तो हमलावर भाग गए। घायल कुलदीप को अस्पताल में दाखिल करवाया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दिलबाग सिंह के बयान पर पुलिस ने मनीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। अब थाना-1 की पुलिस हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर पही है।

