अजब चाेरीः जालंधर में घर से गहनों के साथ डेढ़ किलो बादाम भी ले उड़े चोर, पड़ताल में निकले जान पहचान वाले
जालंधर। जालंधर के गोविंद नगर में चोरों ने शुक्रवार दोपहर एक ताला लगे घर को निशाना बनाया चोरों ने जिस समय घटना को अंजाम दिया। उस समय पीड़ित परिवार अपनी दुकान पर गया हुआ था और घर में ताला लगा हुआ था। इस दौरान चोरों ने घर में रखे सोने के जेवर के साथ-साथ 8 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर में रखे डेढ़ किलो बादाम पर भी हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी देते हुए दीपक कुमार ने बताया कि वह मैकेनिक का काम करते हैं और गोविंद नगर में किराए के मकान में रहते हैं। रोज की तरह शुक्रवार को वह अपनी दुकान पर आ गए। इसी बीच उनकी मां भी सुबह 11 बजे के करीब दुकान पर आई। दोपहर करीब 1 बजे के आसपास जब वह अपने घर पर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और घर की अलमारी टूटी हुई है।
घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और चोरों ने अलमारी में रखे चांदी के गहने दो अंगूठियां और 80 हजार रुपए कैश चोरी कर लिया। इतना ही नहीं चोर घर में रखे डेढ़ किलो बादाम भी अपने साथ लेकर चले गए। पीड़ितों के शोर मचाने पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना डिवीजन आठ की पुलिस ने जब घर की जांच की तो पता चला कि चोरों ने घर के मंदिर से भी कुछ सामान चोरी किया है। वहीं मामले की जांच के लिए जब पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी चेक की तो पता चला कि चोर पहले पीड़ित के बगल वाले घर में ही किराए पर रहा करते थे जिसके बाद अब मकान मालिक से चोरों के विषय में जानकारी इकट्ठा कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है और पीड़ित का बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं सीसीटीवी के आधार पर आरोपितों की तलाश भी की जा रही है।

