ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के सम्‍मान में डाकघर का अनोखा कदम, लेटर बाक्स को बनाया स्‍वर्णिम

पानीपत। टोक्‍यो ओलिंपिक (Tokyo Olympic) में जैवलिन थ्रो में गोल्‍ड मेडल विजेता पानीपत के खंडरा गांव के नीरज चोपड़ा के सम्‍मान में भारतीय डाक विभाग ने सोने के रंग का विशेष लेटर बाक्‍स स्‍थापित किया है। यह लेटरबाक्स पानीपत के मुख्य डाकघर के गेट के बाहर लगाया है। नीरज चोपड़ा के सम्‍मान में ढेर सारे बधाई संदेश पहुंच रहे हैं। डाक विभाग के अधिकारियों का कहना हैं कि जल्‍द इन इन बधाई संदेशों को नीरज तक पहुंचाया जाएगा। बता दें कि डाकघर के लेटरबाक्स लाल रंग के ही होते हैं, लेकिन नीरज के सम्मान में डाकघर ने उस नियम को बदल दिया। लेटरबाक्स को सुनहरे रंग में रंग दिया है

मुख्‍य पोस्‍टमास्‍टर रंजू प्रसाद ने कहा कि नीरज की उपलब्धि बहुत बड़ी है। देशभर से बधाइयां आ रही हैं। डाकघर ने भी उनके सम्मान में विशेष स्टैंप बनाई है। यह उन्हें भेंट की जाएगी। जिस तरह पानीपत के डाकघर के बाहर सुनहरे रंग का लेटर बाक्स रखा गया है, ठीक वैसा ही लेटर बाक्स नीरज के गांव में रखा जाएगा।

डाकघर में देशभर से पोस्ट पहुंच रही हैं। इंटरनेट मीडिया के दौर में चिट्ठियों का अकाल रहता है। लेकिन नीरज के लिए देश के कोने-कोने से बधाई संदेश आ रहे हैं। उनका सम्मान किया जा रहा है। इन सभी को नीरज तक पहुंचाया जाएगा। डाकघर की तरफ से नीरज का विशेष सम्मान किया जाएगा।

मुख्‍य पोस्‍टमास्‍टर रंजू प्रसाद ने बताया कि आजादी की वर्षगांठ पर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। पौधे लगाए जा रहे हैं। पंचकूला में पदयात्रा निकाली जाएगी। सेक्‍टर आठ से चरखा चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। वहां पर स्‍वतंत्रता संग्राम के बारे में बताया जाएगा। निबंध लेखन प्रतियोगिता कराई जाएगी। सुकन्‍या समृद्धि योजना के तहत एक महीने तक अभियान चलाया। ज्‍यादा से ज्‍यादा खाते खोलने के लिए जागरूक किया। नीरज के बारे में रंजू ने कहा कि यह अभूतपूर्व उपलब्धि है।

44 Views