DU Admission 2021: यूजी प्रवेश के लिए 1,88,972 और पीजी के लिए 1,14,020 उम्मीदवारों ने किये रजिस्ट्रेशन, पढ़ें डिटेल
DU Admission 2021: दिल्ली यूनिवर्सिटी में अंडर ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और एमफिल/पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। पीजी और एमफिल/पीएचडी प्रोग्राम के लिए रजिस्ट्रेशन 26 जुलाई से शुरू किया गया था, जो 21 अगस्त को समाप्त होगा। वहीं, यूजी कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 2 अगस्त से प्रारंभ की गई थी। यूजी प्रोग्राम के लिए रजिस्ट्रेशन करने की लास्ट डेट 31 अगस्त, 2021 है।
जिन इच्छुक व पात्र उम्मीदवार ने अबतक रजिस्ट्रेशन नहीं किया है, उन्हें अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द रजिस्ट्रेशन कर लेना चाहिए। इसके लिए, उम्मीदवारों को ऑफिशियल वेबसाइट, admission.uod.ac.in पर विजिट करना होगा। वेबसाइट पर यूजी, पीजी और एमफिल/पीएचडी के लिए एडमिशन पोर्टल का अलग-अलग लिंक उपलब्ध कराया गया है। इन लिंक के माध्यम से उम्मीदवार, रजिस्ट्रेशन और एप्लीकेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
अबतक 3,18,596 स्टूडेंट्स ने किये रजिस्ट्रेशन
ऑफिशियल वेबसाइट, admission.uod.ac.in पर उपलब्ध रजिस्ट्रेशन स्टेटस के मुताबिक, अबतक 3,18,596 स्टूडेंट्स ने प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। रजिस्ट्रेशन स्टेटस के माध्यम से बताया गया है कि 11 अगस्त को शाम 6 बजे तक कुल 1,88,972 उम्मीदवारों ने यूजी पाठ्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। जबकि, पीजी कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या 1,14,020 है। वहीं, एमफिल/पीएचडी कोर्स के लिए अबतक कुल 15,604 स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से वर्चुअल ‘ओपन डे’ वेबिनार का भी आयोजन किया जा रहा है। यूनिवर्सिटी ने 5 अगस्त को अपना पहला वर्चुअल ‘ओपन डे’ वेबिनार आयोजित किया था, जहां अधिकारियों ने स्टूडेंट्स के कई प्रश्नों के जवाब दिए थे। अधिकारियों ने उम्मीदवारों के सवालों के जवाब देते हुए उन्हें सावधानीपूर्वक रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने की सलाह दी थी। अगले वेबिनार का आयोजन 14 अगस्त को किया जान है। डीयू एडमिशन ब्रांच के फेसबुक पेज के माध्यम से स्टूडेंट्स वेबिनार की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ सकते हैं। इसके अलावा, ऑफिशियल वेबसाइट पर भी इसके लिए लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।

