मणिपुर के बाद मेघालय से असम का विवाद, बिजली के खंभों पर बवाल…

नई दिल्ली। मणिपुर के बाद असम का मेघालय से सीमा विवाद गहरा गया। सोमवार को दोनों राज्यों के बीच बिजली के खंभों को लेकर मामला गरमा गया। असम पुलिस पर बिजली के खंभे उखाड़ने और कांग्रेस नेता से मारपीट करने के भी आरोप लगे।

क्या है मेघालय का पक्ष : असम पुलिस ने मेघालय में री-भोई जिले के इओंगखुली गांव में मेघालय एनर्जी कॉरपोरेशन लिमिटेड (एमईईसीएल) द्वारा लगाए गए बिजली के खंभे सोमवार को कथित तौर पर उखाड़ दिए जिसके बाद स्थानीय निवासियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प हुई।

 

मेघालय के पुलिस महानिदेशक आर. चंद्रनाथन ने बताया कि संघर्ष में असम पुलिस के कर्मियों ने मेघालय के वरिष्ठ कांग्रेस नेता चार्ल्स मारंगर, जो खासी हिल्स ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (केएचएडीसी) के एक निर्वाचित सदस्य भी हैं, के साथ हाथापाई भी की क्योंकि उन्होंने उन्हें बिजली के खंभों को उखाड़ने से रोका था।

 

उन्होंने कहा कि पूर्वाह्न सुबह करीब 11.30 बजे असम के सर्कल मजिस्ट्रेट असम पुलिस के एक मजबूत दल के साथ इओंगखुली गांव आए और एमईईसीएल द्वारा लगाए गए बिजली के खंभों को उखाड़ फेंका, जिसका स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। बिजली के खंभे उखाड़ने के बाद असम पुलिस गांव से लौट गई।

 

डीजीपी ने बताया कि इओंगखुली गांव में स्थिति अब सामान्य है और पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

 

47 Views