भारत ने विदेशी सरकारों से यात्रा प्रतिबंधों में ढील देने का किया आग्रह

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा कि वह देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) की स्थिति में सुधार होने के मद्देनजर भारतीयों के लिए यात्रा प्रतिबंधों में ढील देने का मुद्दा विदेशी सरकारों के समक्ष उठा रहा है। चीन, इटली और कई अन्य देशों के संस्थानों में पढ़ने वाले भारतीय छात्र यात्रा प्रतिबंधों के मद्देनजर यहां रुके हुए हैं।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, भारत में कोविड की स्थिति में सुधार के साथ, हम भारतीयों के लिए यात्रा प्रतिबंधों में ढील देने का मुद्दा विदेशों के साथ उठा रहे हैं। हमारा मानना ​​है कि यह आर्थिक सुधार की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण चीज है। उन्होंने कहा, इस दिशा में कुछ सकारात्मक कदम उठाए गए हैं और हम उम्मीद करेंगे कि और अधिक देश भारत से लोगों की आवाजाही को सामान्य बनाने के लिए कदम उठाएंगे।

 

इसके अलावा, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने राज्यसभा में कहा कि सरकार विदेशी विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत भारतीय छात्रों के लिए यात्रा प्रतिबंधों में ढील देने के प्रयास कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, विदेश में हमारे मिशन सक्रिय रूप से इन मुद्दों को संबंधित सरकारों के साथ उठा रहे हैं और उन सरकारों पर यात्रा प्रतिबंधों में ढील देने के लिए बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, यात्रा प्रतिबंधों का मुद्दा कई देशों के साथ मंत्री स्तर पर उठाया गया है। नतीजतन, भारतीय छात्रों के लिए अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, आयरलैंड, जर्मनी, नीदरलैंड, बेल्जियम, लक्जमबर्ग, जॉर्जिया सहित कई देशों की यात्रा करने के लिए यात्रा प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है। मुरलीधरन ने कहा कि कोरोनावायरस की स्थिति में सुधार होने पर और विभिन्न देशों द्वारा यात्रा प्रतिबंध हटाए जाने की उम्मीद है।

 

43 Views