Weather Prediction : उफान पर नदियां, सड़कों पर भरा पानी, आज यहां हो सकती है भारी बारिश
नई दिल्ली। महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। देश भर में सोमवार को बारिश से संबंधित घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गई, 3 घायल हो गए और 4 अन्य के डूबने की आशंका है। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की भविष्यवाणी की है।
इन स्थानों पर हो सकती है भारी बारिश : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, कोंकण और गोवा, हरियाणा के कुछ हिस्सों, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, दक्षिण गुजरात, तटीय कर्नाटक, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र के इन इलाकों में रेड अलर्ट : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए तथा पुणे, सतारा और कोल्हापुर के लिए अगले 24 घंटों में अत्यधिक भारी वर्षा के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। 20 जुलाई से 23 जुलाई तक इन जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया। राज्य के बाकी हिस्सों में अगले 5 दिनों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

