रोहतक में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के आवास को जाने वाले रास्तों पर बैठे किसान, माफी मांगने के लिए दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
हिसार में किसानों के प्रदर्शन के दौरान महिलाओं तरफ हाथ हिलाकर इशारा करने के मामले में किसानों ने बुधवार को हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को माफी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। किसानों का कहना है कि अगर समय रहते पूर्व मंत्री ने माफी नहीं मांगी तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। किसानों ने पूर्व मंत्री के आवास की तरफ जाने वाले चौराहे पर ही डेरा डाल लिया है और यहां पर महिलाओं की संख्या काफी अधिक है। पुलिस ने किसानों और महिलाओं को रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों आमने-सामने आ गए। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। पूर्व मंत्री शहर से बाहर हैं। पूर्व मंत्री ने खेद प्रकट करते हुए अपनी वीडियो भी जारी की थी, लेकिन किसानों का कहना है कि सबके बीच में आकर माफी मांगनी पड़ेगी। शहर के बीचों-बीच स्थित सुभाष चंद्र चौक स्थित चौराहे के पास ही रातभर से किसान डटे हुए हैं और किसानों ने टेंट लगा दिये हैं और यहीं पर खाना चल रहा है। प्रशासन के साथ किसानों की कई दौर की बैठक हो चुकी है और प्रशासन के अधिकारियों ने पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर द्वारा जारी की गई वीडियो भी दिखाई, लेकिन किसानों ने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। किसानों का कहना है कि पूर्व मंत्री ने महिलाओं का अपमान किया है, अब उन्हें किसानों के बीच आकर ही माफी मांगनी पड़ेगी। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर दो दिन से शहर से बाहर हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूर्व मंत्री के आवास की तरफ जाने वाले रास्ते पर बेरिकेट्स लगा दिये हैं और अतिरिक्त पुलिस फोर्स को अलर्ट भी किया है।

