भीड़ को लेकर बढ़ी सख्ती : नैनीताल-मसूरी से 1500 लोगों को वापस लौटाया, कैम्पटी फॉल पर लगा प्रतिबंध
देहरादून। नैनीताल मसूरी धनौल्टी जैसे हिल स्टेशन कि सैर को आए पर्यटक दूसरे दिन भी लंबे जाम से गुजरने के बाद मसूरी-नैनीताल और धनौल्टी पहुंचे। कोरोना की आरटी पीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट, स्मार्ट सिटी के पोर्टल पर पंजीकरण और होटल की बुकिंग न होने से मसूरी जा रहे करीब 1500 वाहनों को कोठालगेट से लौटा दिया गया। नैनीताल आ रहे कई पर्यटक जिनके पास कागजात पूरे नहीं थे, को कालाढूंगी रूसी और बल्दियाखान से लौटाया गया।
रविवार को कैंपटी में सैलानी तो आए, लेकिन पानी ज्यादा और गंदा होने के कारण उन्हें झरने के पास नहीं जाने दिया गया। कुछ सैलानियों ने दूर से ही फोटो खींची। सैलानियों की सुरक्षा के चलते रविवार को फॉल में नहाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार झरने में पानी के साथ पत्थर और मलबा आ रहा था। इससे सैलानियों को खतरा हो सकता था। कैंपटी फॉल में पानी बढ़ने से चार दुकानों को भी नुकसान हुआ है। साथ ही कैंपटी जाने वाली सीढ़ियों पर भी बोल्डर आ गए हैं।

