पंजाब रोडवेज के अनुबंध कर्मी हड़ताल पर
सरकारी पंजाब रोडवेज और पेप्सू सड़क परिवहन निगम के अनुबंधित कर्मचारी अपनी नौकरियों को नियमित करने की मांग को लेकर सोमवार से तीन दिनों की हड़ताल कर रहे हैं। तीन दिवसीय हड़ताल में करीब 7500 अनुबंधित कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। आंदोलनरत कर्मचारियों ने पंजाब में बस स्टैंडों पर धरना दिया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने राज्य में नियमित कर्मचारियों द्वारा संचालित कुछ बसों को छोड़कर सरकारी बसों को नहीं चलने दिया। पंजाब रोडवेज/पनबस संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने कहा, ‘हम पिछले 13-14 वर्षों से अनुबंध पर काम कर रहे हैं। हमारी मांग है कि हमारी सेवाओं को नियमित किया जाए।’ गिल ने कहा कि संविदा कर्मी अपने मुद्दों के समाधान के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह से मुलाकात की भी मांग कर रहे हैं। इस बीच, पीआरटीसी, पंजाब रोडवेज व पनबस में ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों ने बठिंडा में भी बसों का चक्का जाम करके रोष प्रदर्शन किया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। यूनियन नेताओं अध्यक्ष संदीप सिंह के साथ गुरदीप सिंह सर्वजीत शर्मा, बलवीर शर्मा ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव 2017 के समय कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ठेका मुलाजिमों को पक्का करने का वादा किया था लेकिन सत्ता संभालते ही वह अपना वादा भूल गए।

