अमृतसर में बैंक मैनेजर से 1500 रुपये की लूट, हाथ का पंजा काटकर बैग ले गए लुटेरे

सार

सोमवार दोपहर को हुई इस वारदात का खुलासा मंगलवार को हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

विस्तार

पंजाब के अमृतसर में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो लुटेरों ने लोन की किश्तें लेकर लौट रहे बैंककर्मी के हाथ का पंजा काट लिया और उसका बैग लेकर फरार हो गए। बैग में सिर्फ 1500 रुपये थे। वारदात थाना कंबो के अंतर्गत आते क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, वारदात सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घटी। घायल पलभ बिश्वास के साथी अंकित ने बताया कि वह और पलभ फतेहगढ़ चूड़ियां से लोन की किश्तें इकट्ठी कर लौट रहे थे। अजनाला रोड से नोशेहरा नंगली रोड पर वह थोड़ा आगे था और पलभ उससे पीछे बाइक पर आ रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात लोग आए और कृपाण से पलभ के हाथ पर वार कर दिया। पलभ के हाथ का पंजा कटकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी उसका बैग लेकर फरार हो गए। अंकित के अनुसार, बैग में मात्र 1500 रुपये और एक टैबलेट था। इसके बाद पलभ को अस्पताल में भर्ती करवाया गया और थाना कंबो में शिकायत दी गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
36 Views