जालंधर प्रशासन की कार्रवाई: शमशेर अस्पताल की कोविड केयर फैसिलिटी रद्द, अब भर्ती नहीं कर सकेगा कोरोना मरीज

सार

पंजाब के जालंधर में एक निजी अस्पताल पर ज्यादा पैसे वसूलने और सही से इलाज न करने के आरोप लगे तो जिला प्रशासन ने भी बड़ी कार्रवाई कर दी। प्रशासन ने अस्पताल की कोविड केयर फैसिलिटी रद्द कर दी है।

विस्तार

कोरोना महामारी के बीच निजी अस्पतालों की मनमानी जिला प्रशासन के लिए चुनौती बनी है। सरकार की चेतावनी के बावजूद निजी अस्पतालों में मरीजों को परेशान किया जा रहा है। इसी कड़ी में जालंधर के एक अस्पताल पर ज्यादा पैसे वसूलने और सही ढंग से इलाज न करने के आरोप लगे तो जिला प्रशासन ने अस्पताल की कोविड केयर फैसिलिटी को रद्द कर दिया।
जालंधर के डीसी घनश्याम थोरी ने कहा कि जिला प्रशासन ने शमशेर अस्पताल में लेवल- 2 बेड सुविधा को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद अब शमशेर अस्पताल कोविड मरीजों को दाखिल नहीं कर सकेगा। इसके अलावा अस्पताल पर दवाइयों समेत अन्य खर्च के ज्यादा पैसे वसूलने के आरोपों की जांच के लिए भी एसडीएम-1, सिविल सर्जन व जोनल लाइसेंस अथॉरिटी पर आधारित एक कमेटी का गठन किया गया है। डीसी के आदेश के मुताबिक यह कमेटी तीन दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सबमिट करेगी। डीसी का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
45 Views