बस में क्लास लगाने वाले प्रोफेसर पर केस दर्ज
सूबे में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच शुक्रवार को पंजाब रोडवेज की बस में सवार होकर विद्यार्थियों की क्लास लगाने वाले केमिस्ट्री के प्रोफेसर एमपी सिंह के खिलाफ कोविड नियमों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी कटाक्ष किया था।
बता दें कि पंजाब सरकार ने कोचिंग क्लासें लगाने पर पाबंदी लगाई हुई है। इसी बात से खफा होकर कोचिंग फेडरेशन के जिला प्रधान व केमिस्ट्री के प्रोफेसर एमपी सिंह शुक्रवार को पंजाब रोडवेज की बस में सवार होकर विद्यार्थियों की क्लास ली थी और सीएम पर कटाक्ष किया था कि बसों पर पाबंदी नहीं है, इसलिए वे बच्चों को बस में पढ़ा रहे हैं। इस बहाने उन्होंने कैप्टन सरकार को यह समझाने का प्रयास किया कि रोडवेज की बस में यात्री सवार हो सकते हैं, उन पर कोई पाबंदी नहीं है, जबकि वे लोग घरों में कोचिंग क्लासें लगाते हैं तो वह गाइडलाइन के तहत गैर-कानूनी है। कुछ ही समय बाद बस में चल रहे इस अनूठे प्रदर्शन की वीडियो वायरल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को तो चेतावनी देकर भेज दिया, लेकिन प्रोफेसर एमपी सिंह पर मामला दर्ज कर लिया।

