जम्मू-कश्मीर के लोगों को पंजाब आने पर करवाना होगा कोरोना टेस्ट

जम्मू-कश्मीर से पंजाब में आने वाले लोगों के लिए अब कोरोना टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। पठानकोट प्रशासन ने पंजाब-जम्मू-कश्मीर सीमा स्थित माधोपुर में स्थायी सैंपलिंग कैंप लगा दिए हैं। यहां दिन-रात जम्मू-कश्मीर से आने वाले लोगों को कोरोना जांच करवानी होगी।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने गत वर्ष 23 मार्च से ही पंजाब समेत अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के लिए कोरोना टेस्ट अनिवार्य कर रखा था। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने इसके लिए लखनपुर में स्थायी कैंप लगाया है। लगभग एक साल से वहां जाने वाले लोगों को सैंपलिंग करवानी पड़ती थी। इसी बात को लेकर कई बार रोजाना आने-जाने वाले लोग माधोपुर में धरना दे चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी थी कि अगर जम्मू-कश्मीर जाने से पहले कोरोना जांच कराना अनिवार्य है तो जम्मू-कश्मीर से बिना जांच पंजाब में आने की इजाजत क्यों दी जा रही है। अब पंजाब सेहत विभाग की 2 टीमें जम्मू-कश्मीर से आने वाले लोगों के सैंपल लेगी। वीरवार शाम से शुक्रवार शाम तक 200 से अधिक लोगों के सैंपल लिए गए।

 

 

38 Views