फाइनेंस कंपनी के कारिंदों से ढाई लाख की लूट
थाना सिटी के अधीन आते गांव नवीपुर में लुटेरों ने दोपहर 12.30 बजे फाइनेंस कंपनी के कारिंदों को दातर दिखाकर उनसे 2 लाख 44 हजार की नकदी छीन ली। वो कैश जमा कराने के लिए तिबड़ी रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक जा रहे थे। जैसे ही वह अपने ऑफिस से बाहर निकले बाइक सवार दो नौजवानों ने दातर दिखाकर पैसे छीन लिए। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी सदर व डीएसपी राजेश कक्कड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्र सिंह पुत्र बलविंदर सिंह, नरेश कुमार पुत्र धर्मपाल, ने बताया कि वह सेट इन फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। वे रोजाना कैश लेकर बैंक में जमा करवाने के लिए जाते हैं। मंगलवार दोपहर 12:30 बजे जैसे ही वह अपने ऑफिस से कैश लेकर 500 मीटर दूरी तक गए तो सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने उनकी बाइक के आगे बाइक लगा दी। उन्होंने पैसों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। डीएसपी राजेश कक्कड़ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के पुलिस बल मौके पर पहुंची और पीड़ित रजिंदर कुमार व नरेश कुमार के बयान कलमबद्ध किए। उनका कहना है कि सीसीटीवी में सिर पर गुलाबी रंग का कपड़ा बांधे युवक दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया गया है।

